भूमि को लेकर है विवाद कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि रामपाल का दस्यु लुक्का उर्फ धर्मेन्द्र और उसके परिवार से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले में दोनों के मध्य पूर्व में भी विवाद हो चुका है। लुक्का के जेल जाने के बाद से लुक्का का भाई इनामी बदमाश रवि उसे मारने की कोशिश कर रहा है। गुरुवार को रामपाल एक मामले में पेशी पर आया था। तभी लुक्का के दो भाई रवि और वीरेन्द्र उसे मारने कचहरी परिसर पहुंच गए।
भाई से मिलने आया था घायल फायरिंग में घायल हुए व्यक्ति कमल का भाई कचहरी में एक वकील के यहां मुंशी का काम करता है। गुरुवार को कमल अपने भाई से मिलने कचहरी आया था। इस बीच वह एक थड़ी पर चाय पीने चला गया। जहां उसे गोली गए गई।
होमगार्ड ने दिखाई हिम्मत फायरिंग के दौरान कचहरी परिसर में विभिन्न कामों से आए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद थे। इसके अलावा वहां तैनात गार्ड भी मौजूद थे। परिसर के बगल में ही सीओ सिटी कार्यालय है। वहां भी कई पुलिसकर्मी मौजूद थे। हमलावरों के पैदल ही भागने के दौरान कोई भी पुलिसकर्मी सामने नहीं आया। वहां मौजूद एक होमगार्ड ने थोड़ी हिम्मत दिखाते हुए बैरीकेडिंग को लगाने का प्रयास किया लेकिन, हमलावर वारदात के बाद हथियार लहराते हुए पैदल ही भाग गए।
एसपी पहुंचे अस्पताल, पुलिस टीमें रवाना घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल जाना। आरोपितों को पकडऩे के लिए कई पुलिस टीम रवाना की गई हैं। फिलहाल बदमाश पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस टीम ने बीछिया, देवकापुरा, बल्लापुरा व मौरोली के आसपास हमलावरों की तलाश में दबिश दी है।
जिला जज ने लिया जायजा, खुलेगी अस्थाई चौकी घटना के बाद जिला जज रीटा तेजपाल ने पुलिस अधीक्षक के साथ कचहरी परिसर का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। कचहरी परिचर में पांच पॉइंट से लोगों की आवाजाही रहती है। हालांकि, यहां पूर्व में हुई वारदात के बाद बैरीकेडिंग कर वाहनों का आवागमन रोका गया है। गुरुवार की वारदात के बाद अब यहां अस्थाई पुलिस चौकी की भी स्थापना की जाएगी।
लुक्का को छुड़ाने में भी शामिल था रवि 3 मार्च 2021 को पेशी पर धौलपुर आए कुख्यात दस्यु धर्मेन्द्र उर्फ लुक्का को रोडवेज बस से भरतपुर ले जाते वक्त उसके हथियारबंद साथियों ने छुड़ाने का प्रयास किया था। उस मामले में लुक्का के भाई रवि सहित अन्य की भूमिका थी। तब उसी बस में सवार 25 वर्षीय युवती वसुन्धरा चौहान ने अद्भुत साहस का परिचय देकर अपनी जान की परवाह ना करते हुए बदमाशों के मंसूबों को नाकाम कर शौर्य की मिसाल पेश की थी। बाद में राज्य सरकार ने युवती को पुलिस उप निरीक्षक के पद पर नियुक्ति दी थी।
पूर्व में भी हुई थी कचहरी परिसर में फायरिंग 16 दिसंबर २०२१ को कचहरी परिसर में गुरुवार को हत्या के एक मामले में पेशी पर आए आरोपी पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। इस दौरान आरोपी पर फायर भी किया गया लेकिन, फायर मिस होने से आरोपी बच गया था। बाद में हमलावर मौके से भाग निकले थे।
इनका कहना है घायल का इलाज कराया जा रहा है। हमलावरों को पकडऩे के लिए पुलिस टीमें रवाना की गई हैं। हमलावर जल्द गिरफ्त में होंगे। कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाएगी। वहां एक अस्थाई पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी।
- नारायण टोगस, पुलिस अधीक्षक, धौलपुर