लोकतंत्र विरोधी है मोदी सरकार, जनता देगी करारा जवाब: बैरवा
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी प्रतिमा के समक्ष कांग्रेसजनों ने जताया आक्रोश - कार्यकर्ताओं की कमी से फीका रहा कांग्रेस का धरना प्रदर्शन
जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से केंद्र सरकार की कथित राजनीतिक प्रतिशोधात्मक कार्रवाई तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस के हमले के विरोध में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरना एवं प्रदर्शन किया गया।
अजमेर
Published: June 18, 2022 01:36:41 am
धौलपुर. जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से केंद्र सरकार की कथित राजनीतिक प्रतिशोधात्मक कार्रवाई तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस के हमले के विरोध में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरना एवं प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बसेड़ी विधायक एवं एससी आयोग के अध्यक्ष खिलाड़ी लाल बैरवा ने कहा कि पूरा देश सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ एकजुट है। इन्हें ईडी का नोटिस दिया गया है, इसे कांग्रेस कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमारे मुख्यमंत्री सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के शांतिपूर्ण मार्च को रोकना और तानाशाही पूर्ण तरीके से उनको गिरफ्तार करना बेहद निंदनीय है। कांग्रेस मुख्यालय की घेराबंदी कर दी गई है। हमारे नेता और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा है। यह लोकतंत्र में बिल्कुल अनुचित है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार लोकतंत्र विरोधी है। देश की जनता इसका जवाब देगी। इस मौके पर बाड़ी विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा ने कहा कि हर जिले में हर ब्लॉक में आंदोलन हो रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता अंग्रेजों और देश की एकता पर खतरा पैदा करने वाले तत्वों के सामने कभी नहीं झुके हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष पंडित दुर्गादत्त शास्त्री ने कहा कि कांग्रेस मुख्यालय में घुसकर दिल्ली पुलिस का पत्रकारों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मारपीट करना केंद्र सरकार की हताशा को दर्शाता है। धौलपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे डॉ. शिवचरण सिंह कुशवाहा ने कहा कि केंद्र सरकार सीबीआई, आईटी जैसी केंद्रीय एजेंसियों की आड़ में छिपकर लड़ाई लड़ रही है। धरना प्रदर्शन का संचालन प्रवक्ता धनेश जैन ने किया। धरना प्रदर्शन को पूर्व विधायक अब्दुल सगीर खान, निवर्तमान जिलाध्यक्ष साकेत बिहारी शर्मा, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भावना सिंघल, धर्मेंद्र शर्मा, अमित मुद्गल, बद्री प्रसाद जाटव, पूर्व प्रधान मौनू जादौन, रमेश साहू, राजेश सिकरवार, ब्लॉक अध्यक्ष विनीत शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद शकील खान, अनीश खान, सत्य प्रकाश शर्मा, जगन्नाथ कोली, होतम सिंह, कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष समृद्धि दीक्षित, युवक कांग्रेस के अध्यक्ष श्यामू पंडित, संतोष त्यागी, अविनाश शास्त्री आदि ने संबोधित किया।
जिले में कांग्रेस का दबदबा, फिर भी विरोध प्रदर्शन में पहुंचे चंद कार्यकर्ता

कांग्रेस की ओर से आयोजित धरना व प्रदर्शन कार्यकर्ताओं की कमी के कारण लोगों में चर्चा का विषय रहा। जिले के दो विधायकों के आने के बावजूद प्रदर्शन में बमुश्किल सौ लोग ही जुट पाए। इनमें भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तो विधायकों के साथ पहुंचे। जिले में विभिन्न पदों पर कांग्रेस का दबदबा है। राज्य में सरकार भी कांग्रेस की है। इसके बावजूद कांग्रेस के प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं की कमी रही। बता दें, जिले की छह पंचायत समितियों में से चार में कांग्रेस के प्रधान हैं। जिला परिषद में भी दबदबा होने के साथ जिला प्रमुख पद कांग्रेस के पास है। धौलपुर नगर परिषद सहित राजाखेड़ा और बाड़ी में कांग्रेस के सभापति और चेयरमैन हैं। चार में से तीन विधायक भी कांग्रेस के हैं।
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
