scriptमानसून अलर्ट: आनासागर के दो गेट खोले | Monsoon alert: two gates of Anasagar opened | Patrika News

मानसून अलर्ट: आनासागर के दो गेट खोले

locationअजमेरPublished: Jun 24, 2020 09:01:11 pm

Submitted by:

himanshu dhawal

दो गेट खोले छह-छह इंच, प्रतिदिन निकलेगा 4 एमसीएफटी पानी 13 फीट से 11 फीट किया जाएगा जलस्तर

मानसून अलर्ट: आनासागर के दो गेट खोले

मानसून अलर्ट: आनासागर के दो गेट खोले

अजमेर. मानसून की आहट के साथ ही सिंचाई विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत बुधवार को आनासागर झील के दो गेट 6-6 इंच तक खोले गए। गेट के खोलते ही पानी तेज गति से एस्कैप चैनल में प्रवाह होने लगा। एस्कैप चैनल में पानी छोडऩे के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में लोगों में पानी देखने की उत्सुकता बढ़ गई। चैनल गेट खोलने से पूर्व नगर निगम की ओर से सुभाष उद्यान के पास नाले की सफाई भी कराई गई।
जिला प्रशासन के निर्देश पर सिंचाई विभाग की ओर से आनासागर झील के दो गेट खोले गए। झील में वर्तमान में 13 फीट पानी है। पानी का स्तर 11 फीट किया जाना है। सिंचाई विभाग के एक्सईएन आनंद त्रिपाठी ने बताया कि मानसून बारिश से पहले इसका जलस्तर कम किया जा रहा है। ताकि तेज बारिश से आनासागर झील में पानी अधिक आने और एक साथ पानी छोडऩे के दौरान निचली बस्तियों में पानी से नुकसान नहीं हो। झील का पानी एस्कैप चैनल के माध्यम से खानपुरा होता हुआ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचता है। झील के दोनों गेटों से प्रतिदिन 4 एमसीएफटी (मिलियन क्यूबिक फीट) पानी की निकासी की जाएगी। इससे आगामी 15 दिनों में 70 एमसीएफटी पानी निकाला जाएगा।
सुभाष उद्यान के पास नाले की कराई सफाई

नगर निगम की ओर से झील का गेट खोलने से पहले सुभाष उद्यान के पास से गुजर रहे नाले की जेसीबी के माध्यम से सफाई कराई गई। नाले में जमा मिट्टी आदि को हटवाया गया। झील के पानी की आवक शुरू होते ही कुछ बच्चे वहां पर मछली पकडऩे के लिए पहुंच गए। मौजूद निगम के कर्मचारियों ने उन्हें दूर हटाया।
टैम्पो घुमवाकर किया जागरुक

आनासागर झील के चैनल गेट खोलने से दो दिन पूर्व से नगर निगम की ओर से निचली बस्तियों में टेम्पो पर लाउड स्पीकर लगाकर अनाउंस कराया गया। झील के दो गेट खोलने के दौरान प्रत्येक पाइंट पर नगर निगम के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, जिससे एस्कैप चैनल से गुजरने वाला पानी किसी कॉलोनी अथवा कहीं अन्य स्थान पर भर नहीं जाए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो