सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई बोले : आरएसएस की कॉपी हमारा मकसद नहीं,हम खुद सक्षम
अजमेर आए देसाई ने कांग्रेस सेवादल की बैठक में संगठन की मजबूती पर दिया जोर, वर्ष 2023 तक सदस्य संख्या 50 लाख तक करने का लक्ष्य

ajmer अजमेर. सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई ने कहा कि हमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जैसा बनने की आवश्यकता नहीं है। कांग्रेस सेवादल आरएसएस की कॉपी नहीं कर रहा। हमारा इतिहास, विचारधारा,कार्य पद्धति और लक्ष्य अलग है।
कांग्रेस सेवादल देश का सबसे पुराना और जनता से सीधा जुड़ा हुआ संगठन है। स्वाधीनता आंदोलन से लेकर जनहित के लिए संघर्ष ही इसकी पहचान है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सेवादल को आरएसएस की तर्ज पर बनाने संबधी बयान को तोड़मरोड़ कर पेश किया गया है। दरअसल, राहुल गांधी ने सेवादल को संघ से भी मजबूत संगठित करने पर जोर दिया था।
सेवादल जनता के करीब
देसाई ने कहा कि सेवादल का स्वर्णिम और गौरवमयी इतिहास है। इस संगठन ने स्वाधीनता संग्राम में]अंग्रेजों का मुकाबला किया। सदैव गरीब, पिछड़े वर्ग, किसानों और आमजन के मुद्दों के लिए आवाज उठाई। उस संगठन को आरएसएस जैसा बनाना या उसे कॉपी करने की कतई आवश्यकता नहीं है। जो संगठन छात्रों की आवाज को टुकड़ा-टुकड़ा, किसानों को खालिस्तानी, लेखकों को नक्सली कहे उसके सिद्धांत हमें नहीं अपनाने। सेवादल ने देश और कांग्रेस को हजारों विधायक, सांसद, पीएम और सीएम दिए हैं। सेवादल आज भी जनता के करीब है।
साल 2023 तक 50 लाख सदस्य
देसाई ने कहा कि 2018 में सेवादल के 12 हजार सदस्य थे। 2020 तक 3.5 लाख सदस्यता हो चुकी है। 2021 तक 10 लाख और 2023 में सेवादल के शताब्दी वर्ष तक सदस्यता 50 लाख तक पहुंचाई जाएगी। ग्रामीण, तालुका-पंचायत और शहर स्तर तक इकाइयों का गठन व सदस्यता अभियान जारी है। सेवादल ने दो साल का एजेंडा तैयार किया है। इसमें खेती, पर्यावरण, शिक्षा, सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा पर कामकाज शुरू हो गया है।
हटेंगे नाकारा कार्यकर्ता
आगामी महीनों में सेवादल जमीन स्तर पर मजबूत और नए कलेवर में दिखेगा। नाकारा कार्यकर्ताओं को निर्ममता से हटाया जाएगा। राष्ट्रीय, राज्य और इकाई स्तर के जो नेता-कार्यकर्ता काम नहीं कर रहे उन्हें बाहर किया जाएगा। पदों पर वही रहेंगे जिनका संगठन और जमीनी स्तर पर कार्य दिखेगा। सेवादल की सेकंड लाइन तैयार की जा रही है। इसमें नई सोच और नए विचारों वाले युवाओं को जोड़ा जा रहा है।
अब पाइए अपने शहर ( Ajmer News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज