अजमेर

video story : नाकामी में भी ढूंढे कामयाबी के सूत्र – सुनील लाम्बा

मेयो कॉलेज में हुआ समारोह – नौसेनाध्यक्ष लाम्बा ने किया एयरक्राफ्ट का लोकार्पण
 

अजमेरMay 01, 2019 / 11:13 am

Preeti

नाकामी में भी ढूंढे कामयाबी के सूत्र – सुनील लाम्बा

 
अजमेर. नौसेनाध्यक्ष एडमिरल सुनील लाम्बा ने कहा कि नाकामी और विषमताएं भी हमें सीख देती हैं। हमें नाकामी में भी सकारात्मक सूत्र तलाशने चाहिए। यही हमें कामयाबी की ओर प्रेरित करती हैं। लाम्बा ने यह बात बुधवार को मेयो कॉलेज में सी-हैरियर एयरक्राफ्ट के लोकार्पण समारोह में कही। उन्होंने पूर्व छात्र होने के नाते इसे मेयो कॉलेज को उपहार में दिया है।
सेंट्रल ग्राउन्ड में आयोजित समारोह में एडमिरल लाम्बा ने कहा कि विद्यार्थी और युवा देश का भविष्य हैं। इनके बूते भारत विकसित राष्ट्र बन सकता है।जीवन में कई विफलताएं और विषमताएं आती हैं। हमें इनसे घबराने-भागने के बजाय उनमें सकारात्मक सूत्र तलाशने चाहिए। यही नाकामियां हमें कामयाबी के शिखर तक पहुंचाती हैं। महात्मा गांधी ने भी विफलताओं से सीख लेनी की बात कही है।
 

कॉलेज के निदेशक एस. एच. कुलकर्णी ने कहा कि भारतीय जल, थल और वायु सेना की शौर्य, साहस और पराक्रम के लिए दुनिया में अलग पहचान है। पूर्व में वायुसेना ने मेयो को विमान और थल सेना ने टैंक भेंट किया था।नौसेनाध्यक्ष लाम्बा ने पहले आईएनएस विराट का मॉडल और अब सी-हैरियर प्रदान किया है। यह मेयो के प्रति उनके लगाव और सामाजिक उत्तरदायित्व का द्योतक है। इस दौरान कैप्टन विशाल विश्नोई ने सी-हैरियर की खूबियों के बारे में बताया। अचलदीप दुबे ने धन्यवाद दिया।
 

शिक्षकों ने पहुंचाया शिखर पर

एडमिरल लाम्बा ने अपनी मातृसंस्था को भी याद किया। उन्होंने कहा कि मेयो कॉलेज में बिताए पल और यहां की शिक्षा-दीक्षा का हमेशा ऋणी रहूंगा। उस दौर के शिक्षकों की सीख, अनुशासन और संस्कारों ने ही शिखर तक पहुंचाया है। मैं मेयो के मौजूदा विद्यार्थियों से भी यही उम्मीद करूंगा। जीवन में माता-पिता और गुरुओं के बताए मार्ग और ज्ञान से ही सफलता पाई जा सकती है।
 

नहीं खेलें पबजी..

कैप्टन विश्नोई ने मेयो कॉलेज और मेयो गल्र्स स्कूल के छात्र-छात्राओं के सवालों के जवाब दिए। विद्यार्थियों ने उनसे आर्मी, नेवी, एयरफोर्स में कॅरियर की बातें पूछी। एक सवाल के जवाब में विश्नोई ने कहा कि पबजी और अन्य गेम्स से आपको दूर रहना चाहिए। तभी जीवन में लक्ष्य तक पहुंच सकेंगे।
 

Home / Ajmer / video story : नाकामी में भी ढूंढे कामयाबी के सूत्र – सुनील लाम्बा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.