
police found drugs in luxury car
नसीराबाद से नाकाबंदी तोड़कर भागी डोडा-पोस्त की खेप से भरी कार पुलिस ने पीछाकर लाडपुरा के निकट से पकड़ ली। पुलिस ने एक तस्कर को धर-दबोचा जबकि उसका साथी जंगल में भाग छूटा। पुलिस ने डोडा व कार जब्त कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। नसीराबाद में नाकाबंदी तोडऩे के दौरान एक आरोपित ने देशी कट्टे से हवाई फायर भी किया।
गेगल थानाप्रभारी प्रीति रत्नू ने बताया कि पुलिस कन्ट्रोल रूम से मिली सूचना पर सुबह जिले में नाकाबंदी की गई। इस दौरान नसीराबाद के निकट लगाई नाकाबंदी तोड़ तस्करों के कार से भागने की सूचना पर जिले में कड़ी नाकाबंदी करा दी गई। सभी टोल नाकों को भी सतर्क कर दिया गया। नसीराबाद से नाकाबंदी तोडऩे पर गेगल, आदर्शनगर और अलवर गेट थाने की पुलिस ने कार का पीछा करना शुरू कर दिया। कार में सवार आरोपित पुलिस को पीछा करते देख लाडपुरा की ओर मुड़ गए। गेगल पुलिस भी पीछा करते हुए लाडपुरा पहुंच गई।
आरोपितों ने कार को एक गली में मोड़ दिया। लेकिन वहां पर पहले से एक जीप खड़ी होने पर कार को पीछे लेने की कोशिश की। लेकिन तब तक पुलिस की जीप वहां पर पहुंच गई। आरोपित कार मौके पर छोड़कर भागने लगे। इस दौरान ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने डेगाना के भादरवाली निवासी जीवणराम जाट पुत्र हरिराम को गिरफ्तार कर लिया। जबकि खोखरिया निवासी भजन पुत्र बाबूलाल विश्नोई जंगल में भाग छूटा। पुलिस आरोपित को गिरफ्तार कर और कार को जब्त कर गेगल थाने ले आई। कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक हरिकिशन, हैड कांस्टेबल फतेहसिंह, कानाराम, श्रवणलाल आदि पुलिसकर्मी शामिल थे।
लक्जरी कार में 3 क्विंटल डोडा
पुलिस की ओर से जब्त की गई कार को खोलकर देखा तो उसमें 16 कट्टों में 3 क्विंटल डोडा-पोस्त मिला। इसकी कीमत 4-5 लाख रुपए की बीच आंकी जा रही है। पुलिस को कार से दो जिंदा राउंड लोड मैगजीन मिले हैं। पुलिस पकड़ में आए आरोपित जीवन ने बताया कि वह कोटा से डोडा-पोस्त लेकर जोधपुर जा रहे थे। वह भजन के यहां पर नौकरी करता है। उसे प्रति चक्कर 15 हजार रुपए दिए जाते हैं।
हवाई फायर कर फैलाई दहशत
आरोपित जीवण ने बताया कि वे लोग कोटा रोड से आ रहे थे। इस दौरान उन्होंने पुलिस की दो-तीन गाडिय़ां खड़ी देखी। पुलिस वालों ने कार रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन भजन कार को तेज गति से दौड़ाया और नाकाबंदी तोड़कर भाग छूटा। इस दौरान उसने देशी कट्टे से हवाई फायर भी किया। इसके बाद वह देशी कट्टे को अपने साथ लेकर भाग छूटा।
पुलिस ने नाकाबंदी तोड़कर भागी डोडा-पोस्त से भरी कार सहित एक आरोपित को पकड़ा है, जबकि दूसरा आरोपित भागने में सफल रहा। उसे भी जल्द पकड़ लिया जाएगा। कार में 3 क्विंटल करीब डोडा-पोस्त मिला है।
-राजेश वर्मा, पुलिस उप अधीक्षक (ग्रामीण)
Published on:
14 Jun 2017 04:45 am
बड़ी खबरें
View Allट्रेंडिंग
