script

सियासत : इधर, शिक्षा मंत्री डोटासरा को घेरने में जुटी भाजपा उधर, पूर्व मंत्री सीआर चौधरी बचाव में उतरे

locationअजमेरPublished: Jul 25, 2021 12:42:04 am

Submitted by:

suresh bharti

भाजपा नेता और पूर्व मंत्री चौधरी ने कहा कि बगैर जानकारी डोटासरा पर आरोप लगाना गलत,आरपीएससी एक निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय संस्था है।

सियासत : इधर, शिक्षा मंत्री डोटासरा को घेरने में जुटी भाजपा उधर, पूर्व मंत्री सीआर चौधरी बचाव में उतरे

केकड़ी में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते पूर्व केन्द्रीय मंत्री सीआर चौधरी। पत्रिका

अजमेर/केकड़ी. शिक्षा राज्यमंत्री गोविंद सिंह डोटासरा के रिश्तेदारों को आरएएस 2018 में 80-80 अंक को एक तरफ जहां भाजपा नेता लगातार हमला बोल रहे हैं। वहीं भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री व राजस्थान लोकसेवा आयोग में अध्यक्ष रह चुके सी.आर. चौधरी ने डोटासरा का बचाव किया है।
उन्होंने कहा कि डोटासरा इस मामले में गलत नहीं है। आयोग पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ परीक्षा कराता है। ऐसे में भाजपा इस मामले में एकजुट नहीं दिख रही। केकड़ी में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आरएएस या किसी भी साक्षात्कार में अभ्यर्थी को परफॉरमेंस के आधार पर अंक दिए जाते हैं। साक्षात्कार और लिखित परीक्षा अलग-अलग हैं। प्रत्येक अभ्यर्थी की लिखित और इंटरव्यू की क्षमता अलग-अलग होती है। इन सब बातों को ध्यान में रखकर ही साक्षात्कार बोर्ड अंक देता है। बोर्ड में सिर्फ सदस्य ही नहीं तीन विशेषज्ञ होते हैं। यह प्रशासनिक और शैक्षिक क्षेत्र के दिग्गज होते हैं।
साक्षात्कार होने चाहिए

साक्षात्कार व्यवस्था समाप्त करने के सवाल पर चौधरी ने कहा कि साक्षात्कार होने चाहिए। आरएएस में लिखित परीक्षा के 87.50 प्रतिशत और इन्टरव्यू के 12.50 प्रतिशत अंक जुड़ते हैं। इन्टरव्यू लेते समय अभ्यर्थी के लिखित परीक्षा में कितने अंक हैं, इसकी जानकारी सामने वाले परीक्षक को नहीं होती है। डोटासरा के खिलाफ भाजपा के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि बिना जानकारी किए किसी पर आरोप लगाना गलत है।
दुनिया में भारत का बढ़ा रुतबा…..

चौधरी ने कहा कि भाजपा सत्ता में रहे या नहीं, लेकिन हर समय गतिशील रहते हैं। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की छवि बेहतर हुई है। दुनिया में भारत का रुतबा बढ़ा है। पूरा विश्व भारत की तरफ उम्मीद भरी नजरों से देख रहा है। सरकार के राष्ट्रवादी फैसलों के कारण विपक्षी दल परेशान हैं। वे अनर्गल बयानबाजी कर भाजपा को घेरना चाहते हैं, लेकिन कार्यकर्ता ही भाजपा की ताकत है। वह विपक्षी पैंतरों का हरसंभव जवाब देना जानता है। इस मौके पर भाजपा नेता राजेन्द्र विनायका, प्रधान होनहार सिंह राठौड़, मण्डल अध्यक्ष अनिल राठी, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र चौधरी, पार्षद मिश्रीलाल डसाणियां समेत अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अजमेर में चुप्पी साध गए धारीवाल

राजस्थान लोक सेवा आयोग में सामने आए घूसकांड, शिक्षा राज्यमंत्री गोविंद सिंह डोटासरा के रिश्तेदारों के आरएएस साक्षात्कार में 80-80 अंक आने और विरोध प्रदर्शन से जुड़े सवाल पर नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल कुछ नहीं बोले। पहले तो उन्होंने इस सवाल को अनुसुना किया। दोबारा पूछा गया तो यह कह कर टाल दिया कि वह यहां कार्यशाला में भाग लेने आए हैं, प्रशासन शहरों के संग अभियान से जुड़े सवाल पूछो…।

ट्रेंडिंग वीडियो