
Puskar : गोवंश को ठेकेदार की बाड़ाबंदी से छुड़ाया
पुष्कर (अजमेर).
नगर पालिका पुष्कर की ओर से भटकते मवेशियों को अन्यत्र छोडऩे की कार्रवाई का गौ रक्षकों एवं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया है। शनिवार रात गुस्साए लोगों ने गोवंश को बाड़ाबंदी से मुक्त करा दिया। इस दौरान ठेकेदार पर अवैध वसूली करने व चारे-पानी की व्यवस्था नहीं करने का आरोप लगाया है।
सूचना पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अभिषेक गहलोत एवं पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक सारी गायें बाहर निकाल दी गई थीं। गहलोत ने बताया कि उनके पदस्थापन से पूर्व भटकते मवेशियों को पकडऩे का ठेका दिया जा चुका था। इसी के तहत कार्रवाई की जा रही थी। इसके लिए ठेकेदार अनुबंध पर मवेशियों को पकड़ अन्यत्र छोड़ रहा है, लेकिन गौ रक्षकों ने गायों को मुक्त करा दिया। पुष्कर मेले को देखते हुए जिला कलक्टर अजमेर के निर्देश पर भटकते मवेशियों को पकडऩे की कार्रवाई की जा रही है। इसमें बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर विहिप के अध्यक्ष जय कुमार एवं गौ रक्षक हेमंत रायता ने आरोप लगाया कि ठेकेदार बाड़ाबंदी के बाद मालिकों से अवैध वसूली कर गायों को छोड़ रहा है। गायों के लिए चारे-पानी की व्यवस्था भी नहीं की जा रही। दूसरी ओर ठेकेदार ने इन आरोपों को गलत बताया है।
पुष्कर सरोवर में नहाने के लिए लगाई थी छलांग, डूब गया
पुष्कर (अजमेर). सरोवर के जयपुर घाट पर स्नान करते समय पर गहरे पानी डूबने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर डिफेंस व रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंच शव बाहर निकालकर चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की शिनाख्त जयपुर के कालवाड़ रोड निवासी रविन्द्र सिंह के रूप में हुई। वह कई दिन से पुष्कर में ही रह रहा था।
प्रत्यक्षदशियों ने बताया कि रविन्द्र शनिवार शाम करीब साढ़े 3 बजे सरोवर के जयपुर घाट पर सीढ़ी पर बैठकर स्नान कर रहा था। इसी दौरान तैरना जानने वाले कुछ युवक पानी में कू दे। इनके साथ वह भी कूद गया, लेकिन तैरना नहीं जानने से वह गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलने पर रेस्क्यू एवं डिफेंस टीम के अमित भट्ट सहित अन्य ने मौके पर पहुंच शव बाहर निकाला। शिनाख्त के बाद पुलिस ने युवक के परिजन को सूचित कर दिया। गौरतलब है कि पुष्कर सरोवर में बरसात के बाद जलस्तर बढऩे के बाद प्रशासनिक स्तर पर घाटों पर लगाए गए डिफेन्स व रेस्क्यू टीम के युवकों को शनिवार सुबह ही हटाया गया और इसके बाद यह हादसा हो गया।
Published on:
15 Sep 2019, 3:05 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.