अजमेर

ईवीएम-वीवीपैट लेकर हुए रवाना, आपके लिए करेंगे वोटिंग की तैयारी

www.patrika.com/rajasthan-news

अजमेरDec 06, 2018 / 04:53 pm

raktim tiwari

polling parties in ajmer

अजमेर.
प्रदेश की 14 वीं विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान दल जिले की आठों विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हो गए। कार्मिकों को ईवीएम और वीवीपेट मशीन सौंपी गई। पॉलीटेक्निक कॉलेज में सुबह से शाम तक मेला लगा रहा।
राज्य में 14 वीं विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। गुरुवार को राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज से टोलियां रवाना हुई। जिले के अजमेर उत्तर, अजमेर दक्षिण, पुष्कर, नसीराबाद, किशनगढ़, केकड़ी, ब्यावर, मसूदा विधानसभा क्षेत्र के लिए कर्मचारी रवाना हुए। पॉलीटेक्निक कालेज में कार्मिकों और टीम को पुख्ता जांच के बाद ईवीएम और वीवीपैट मशीन सहित अन्य सामग्री सौंपी गई। रवानगी से पहले कार्मिकों ने मौके पर ही सामग्री की जांच की। इसके साथ वे वाहनों में पुलिस जाप्ते के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए। इस दौरान कलक्टर आरती डोगरा और अन्य अधिकारियों ने मोर्चा संभाला।
कर्मचारी की मृत्यु
मतदान दल के रवाना होने से पहले पॉलोटेक्निक कॉलेज में गुरुवार सुबह एक मतदान कर्मचारी की तबीयत बिगड़ गई। उसे जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कर्मचारी के परिजन को सूचना कर शव को मोर्चरी में रखवाया है।जानकारी अनुसार चुनावी ड्यूटी में गुरुवार दोपहर पॉलोटेक्निक कॉलेज पहुंचे बिजयनगर निवासी कर्मचारी गुलाब राय नायक की तबीयत बिगडऩे से मौत हो गई।
जवाब नहीं दे सका

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वे कॉलेज परिसर में दाखिल हुए तो एक व्यक्ति कुर्सी अचेतावस्था में बैठा नजर आया। पास जाकर उठाने की कोशिश की तो वह जवाब नहीं दे सका। उन्होंने उसको नीचे जमीन पर सुलाकर हार्ट पम्प किया। तभी चुनावी ड्यूटी में तैनात अधिकारी की कार से उसको जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
बेटे का था कॉल
जानकारी अनुसार गुलाबराय की तबीयत जब बिगड़ी तब उनके बेटे का कॉल आ रहा था। यहां मौजूद कर्मचारियों ने बात की तो पहचान हो सकी। कर्मचारियों ने गुलाबराय की तबीयत बिगडऩे की बात बताते हुए जवाहरलाल नेहरू अस्पताल बुला लिया।
पी-2 580 में ड्यूटी
गुलाब राय के बेग से मिले चुनावी आदेश में उसकी ड्यूटी चुनाव पार्टी पी-2 580 में थी। सहकर्मियों ने तुरन्त चुनाव कन्ट्रोल रूम में घटना की सूचना दे दी। आदर्शनगर थाना पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।

Home / Ajmer / ईवीएम-वीवीपैट लेकर हुए रवाना, आपके लिए करेंगे वोटिंग की तैयारी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.