scriptसिंधिया आए, लोग जुटे, भाजपा नदारद | Scindia came, people gathered, BJP was absent | Patrika News

सिंधिया आए, लोग जुटे, भाजपा नदारद

locationअजमेरPublished: Sep 23, 2021 01:13:05 am

Submitted by:

Dilip

केन्द्रीय मंत्री दिल्ली से ग्वालियर जाते वक्त रुके धौलपुर, जिले में खुलकर सामने आई भाजपा की गुटबाजी, जिला कलक्टर, एसपी व आम लोगों ने किया स्वागत, राजनीतिक हलकों में होती रही चर्चा, जब बुआ से रिश्ता नहीं तो भतीजे से कैसा नाता

सिंधिया आए, लोग जुटे, भाजपा नदारद

सिंधिया आए, लोग जुटे, भाजपा नदारद

धौलपुर. कहते हैं दल भले ही मिल जाएं, दिल मिलना बड़ा मुश्किल है। ऐसा ही कुछ यहां केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के थोड़ी देर के धौलपुर प्रवास में देखने को मिला। दरअसल, बुधवार को सिंधिया दिल्ली से ग्वालियर जाते वक्त कुछ देर धौलपुर में रुके। यहां सर्किट हाउस तथा वाटरवक्र्स चौराहे पर उनका स्वागत भी किया गया, लेकिन इस पूरे दृश्य से जिला भाजपा नदारद नजर आई। केन्द्रीय मंत्री का आना और भाजपा पदाधिकारियों का न आना जिले भर में चर्चा का विषय रहा। प्रदेश स्तर पर भाजपा में मची गुटबाजी से धौलपुर भी अछूता नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गृह जिले में तो गुटबाजी की स्पष्ट रेखा नजर आती है। यहां वर्तमान जिला कार्यकारिणी को प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया का समर्थक माना जाता है।
बुआ के साथ भतीजे से भी परहेज
प्रदेश भाजपा की गुटबाजी का असर धौलपुर में भी गाहे-बगाहे दिखता ही रहता है। पूर्व सीएम राजे के धौलपुर दौरे पर भी भाजपा स्पष्ट रूप से बंटी नजर आती है। तब भी जिला कार्यकारिणी से कोई पदाधिकारी मुश्किल ही राजे के कार्यक्रम में दिखता है। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया रिश्ते में राजे के भतीजे हैं। ऐसे में लोगों में बुधवार को चर्चा रही कि जब बुआ से ही रिश्ता नहीं तो भतीजे से कैसा नाता।
सभापति चुनाव में दिखी थी फूट
नगर परिषद सभापति के चुनाव में भी भाजपा की फूट सामने आई थी। जब कांग्रेस से ज्यादा संख्याबल होने के बावजूद कांग्रेस ने भाजपा की बागी पार्षद को समर्थन देकर अपना सभापति बना लिया था। उस दौरान भी वसुंधरा समर्थकों के टिकट काटे गए थे। बाद में जीते हुए वसुंधरा समर्थकों, निर्दलियों व भाजपा पार्षदों की क्रॉस वोटिंग से कांग्रेस समर्थित सभापति धौलपुर में बना था।
प्रो. बघेल के आने पर उमड़ी थी पार्टी
17 अगस्त को केन्द्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल जन आाशीर्वाद यात्रा पर धौलपुर आए थे। उनके पूरे दौरे पर भाजपा पदाधिकारियों ने जिस उत्साह से उनका स्वागत किया, वह देखने लायक था। लोगों में भी भाजपा द्वारा प्रो. बघेल के स्वागत को लेकर चर्चा रही थी। अब बुधवार को एक अन्य केन्द्रीय मंत्री के धौलपुर आने पर पार्टी पदाधिकारियों का टोटा लोगों को अखरता रहा।
सर्किट हाउस में किया स्वागत
सिंधिया का यहां धौलपुर सर्किट हाउस में जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल, पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत, मुरैना जिला कलक्टर व एसपी ने स्वागत किया। लगभग 15 मिनट ठहरने के बाद केंद्रीय मंत्री ग्वालियर की ओर निकल गए।
सिंधिया का मनियां में स्वागत
उधर, मनियां कस्बे में हाइवे स्थित मांगरोल तिराहे पर भाजपा नेता पशुधन विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष जगमोहन सिंह बघेल के नेतृत्व में वसुंधरा गुट के भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिंधिया का स्वागत किया।
इनका कहना है…
नहीं थी सूचना

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के आने को लेकर पार्टी के पास कोई सूचना नहीं थी। पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी पूर्व निश्चित रक्तदान के कार्यक्रम में व्यस्त थे।- श्रवण वर्मा, जिलाध्यक्ष, भाजपा, धौलपुर।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो