शनिवार रात साढ़े 8 बजे पीसांगन के निकट अलीपुरा गांव से एक युवक की बारात पाली जिले के केसरपुरा जा रही थी। बारात में युवा डीजे की धुन पर थिरक रहे थे। बारात गांव से गुजर रही थी। समुदाय विशेष के कुछ लोगों ने डीजे बंद करने की बात कही लेकिन बारात में शामिल युवाओं ने डीजे बंद नहीं किया। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने डीजे पर पत्थर फेंक दिया। जिससे भगदड़ का माहौल हो गया। भगदड़ के माहौल में दोनों तरफ से पथराव हो गया। पथराव में बारात में शामिल वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही पीसांगन थानाधिकारी प्रीति रत्नू पुलिस जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंची। कुछ देर बाद पुलिस उप अधीक्षक राजेन्द्र सिंह बुरड़क, मांगलियावास थानाधिकारी दातार सिंह मेड़तिया व पुलिस लाइन से अतिरिक्त जाप्ते के साथ अलीपुरा पहुंचे। प्रकरण में देर रात तक मुकदमे की कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
समझाइश के प्रयास उपखंड अधिकारी समन्दर सिंह भाटी के मुताबिक किसी ने डीजे पर पत्थर फेंक दिए। जिसके चलते विवाद और बढ़ गया। विवाद की सूचना पर उनके अलावा मौके पर पुलिस टीम पहुंची और दोनों समुदायों से सुलह समझाइश के प्रयास शुरू किए।
इनका कहना है...... फिलहाल मौके पर शांति है और दोनों पक्षों में वार्ता चल रही है। समन्दर सिंह भाटी,एसडीएम,पीसांगन इनका कहना है डीजे बजाने को लेकर दो पक्ष में विवाद के बाद पथराव हो गया। कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। घटनास्थल पर पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात है। दोनों पक्ष से बात की जा रही है।
विकास शर्मा, पुलिस अधीक्षक 
