राजस्व मंडल में एसी प्लांट लगा नहीं उसे पहले ही एयर कूलिंग प्लांट और पंखे भी हटाए
गर्मी में राजस्व मंडल के सैकड़ों कर्मचारी परेशान
अजमेर
Updated: April 24, 2022 10:05:31 pm
अजमेर. राज्य की भूमि विवाद की सबसे बड़ी अदालत राजस्व मंडल के सैकड़ों कर्मचारी इन दिनों भीषण गर्मी में बेहाल हैं। एयर कंडीशन तो दूर की बात उन्हें कूलर और पंखे भी नसीब नहीं हो रहे हैं। राजस्व मंडल में पिछले कई महीनों से 60 एचपी का सेंट्रलाइज एसी प्लांट लगाने की कवायद शुरु हुई लेकिन यह काम बंद पड़ा है। उधर, एसी प्लांट चालू होने से पहले ही मंडल में पूर्व में लगाया गया 20 एचपी का एयर कूलिंग प्लांट हटा लिया गया है। राजस्व मंडल में करीब 10 साल पूर्व लाखों रुपए खर्च कर यह प्लांट लगाया था। खास बात यह है कि नए कूलरकी खरीद भी कई सालों से नहीं हुई है। करीब 50 कूलर व 20-25 पंखों की मरम्मत भी नहीं हुई। पुराने कूलर कबाड़ में तब्दील होकर पार्किग में जंग खा रहे हैं। ऐसे हालात के बावजूद कूलर व पंखों की मरम्मत की फाइल लेखा शाखा में दबी पड़ी हैं।
गैलरी में लगे पंखे भी हटाए
राजस्व मंडल भू-तल पर अदालतों के बाहर गैलरी में कई पंखे लगाए गए थे लेकिन एसी प्लांट स्थापित करने के कारण गैलरी में लगे पंखे भी हटा दिए गए हैं। अधिकारियों के कक्ष के बाहर तथा अदालत के बाहर बैठे कर्मचारी गर्मी में परेशान हो रहे हैं। कई कर्मचारियों ने राजस्थान पत्रिका से अपनी परेशानी बताई।
17 एसी भी फुंके, नहीं हुए अब तक दुरुस्त
राजस्व मंडल में पिछले दिनों आए हाई वोल्टेज करंट से कई कोर्ट रूम के सेंट्रलाइज एसी सहित कुल 17 एयर कंडीशन फुंक गए हैं। इसके अलावा पानी की मोटर, ओसीबी तथा कई कम्प्यूटर भी हाई वॉल्टेज आने से खराब हो गए। हाई वोल्टेज से राजस्व मंडल की लिफ्ट भी खराब हो गई है। इनकी भी अब तक मरम्मत नहीं हो सकी। राजस्व मंडल के प्रथम तल के जिन अधिकारियों के एसी खराब हुए हैं उन्हें गर्मी के चलते पसीने छूट रहे हैं।

ajmer
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
