क्रिश्चियनगंज थाना पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने हमलावरों के आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्जकर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार किशनगढ़ नायक कॉलोनी निवासी रवि पुत्र पन्नालाल नायक गुरुवार को अपने दोस्त किशनगढ़ आजाद नगर निवासी विजय शर्मा पुत्र गणेश नारायण के साथ जनाना अस्पताल में भर्ती भाभी को लेने आया था। परिवार के सदस्य अस्पताल के भीतर थे जबकि रवि व विजय बोलेरो में बाहर इंतजार कर रहे थे।
दोपहर 2 बजे बिना नम्बरी कार और बाइक पर आए आधा दर्जन युवकों ने बेसबॉल के डंडे, सरिए से हमला कर दिया। हमलावरों ने बोलेरो में तोडफ़ोड़ के बाद रवि, विजय पर ताबड़तोड़ डंडों से वार किए।
हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच घायलों को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने रवि की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।