अलीगढ़

मायावती पर अभद्र टिप्पणी करने वाली भाजपा विधायक की बढ़ी मुश्किलें, यहां बसपा कार्यकर्ताओं ने दी आंदोलन की धमकी…

बसपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक साधना सिंह के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की धमकी दी है।

अलीगढ़Jan 21, 2019 / 02:26 pm

suchita mishra

sadhna singh

अलीगढ़। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती पर अमर्यादित टिप्पणी करने करने वाली भाजपा विधायक साधना सिंह ने बेशक अपने बयान के बाद माफी मांग ली हो, लेकिन उनकी मुश्किलें अभी भी खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक तरफ साधना सिंह के खिलाफ एससी- एसटी एक्ट के तहत चंदौली थाने में मामला दर्ज कराया गया है, तो वहीं अलीगढ़ में बसपा पार्षदों व कार्यकर्ताओं ने थाने में तहरीर देकर विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कार्रवाई न होने पर आंदोलन की धमकी दी है।
समस्त महिलाओं का अपमान बताया
पार्षद शाकिर अली ने कहा कि इस तरह की टिप्पणी समस्त महिलाओं का अपमान है। साधना सिंह के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। अगर पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई तो आंदोलन होगा। वहीं पार्षद सद्दाम हुसैन ने कहा कि साधना सिंह ने पूरे देश की महिलाओं का अपमान किया है, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों में बहुत आक्रोश है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह से महिलाओं का अपमान न कर सके।
ये है मामला
चंदौली के मुगलसराय से बीजेपी विधायक साधना सिंह ने एक कार्यक्रम के दौरान मायावती की तुलना किन्नर से की, साथ ही कहा कि जब द्रोपदी का चीर हरण हुआ तो उसके बाद महाभारत हुआ, लेकिन सपा ने मायावती का चीर हरण किया, उसके बावजूद भी सत्ता के लोभ में आकर उन्होंने सपा से गठबंधन करके महिलाओं की अस्मत पर दाग लगाया है। हालांकि बाद में उन्होंने लिखित बयान जारी करके इस मामले में खेद जताया।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.