scriptएक्सप्रेस-वे पर दो भीषण सड़क हादसों में पांच बस यात्रियों की मौत, डेढ़ दर्जन घायल | Five passengers killed and 1.5 dozen injured in two road accident | Patrika News

एक्सप्रेस-वे पर दो भीषण सड़क हादसों में पांच बस यात्रियों की मौत, डेढ़ दर्जन घायल

locationअलीगढ़Published: Oct 10, 2020 11:10:10 am

Submitted by:

lokesh verma

Highlights
– अलीगढ़ में प्वाइंंट 56 और कन्नौज में तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में हुए हादसे
– अलीगढ़ में यमुना एक्‍सप्रेस-वे पर दिल्‍ली जा रही बस पलटने से तीन की मौत, 11 घायल
– कन्नौज में कार की टक्कर से बस सवार दो यात्रियों की मौत, सात घायल

aligarh.jpg
अलीगढ़. यमुना एक्सप्रेस-वे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह दिन निकलते ही हुए दो हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि डेढ़ दर्जन यात्री घायल हो गए। पहला हादसा अलीगढ़ में यमुना एक्सप्रेस-वे के 56 प्वाइंट पर हुआ। जहां इटावा से दिल्ली जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पटल गई। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हाे गई और 11 यात्री घायल हो गए। वहीं, दूसरा हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुआ। जहां दिल्ली से लखनऊ जा रही स्लीपर बस का कन्नौज में अचानक टायर फटने पर यात्री बस के आसपास टहल रहे थे। इसी बीच एक हाई स्पीड कार यात्रियों को टक्कर मारते हुए बस में जा घुुसी। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 7 यात्री घायल हो गए।
यह भी पढ़ें- एनकाउंटर में भूमाफिया कविंद्र भाटी को पुलिस ने गोली मारकर किया पस्त

दरअसल, इटावा से यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते दिल्ली जा रही यात्री बस शनिवार सुबह जैसे ही अलीगढ़ में प्वाइंट 56 पर पहुंची तो चालक ने बस नियंत्रण खो दिया और बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गई। घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल यात्रियों को टप्पल सामुदायिक केंद्र और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में 11 यात्री घायल हुए हैं। जबकि तीन यात्रियों की मौत हुई है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक स्लीपर बस यात्रियों को दिल्ली से लखनऊ लेकर जा रही थी। बताया जा रहा है कि शनिवार तड़के करीब तीन-चार बजे तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के लोहागढ़ के नजदीक बस का टायर फट गया। टायर फटने के बाद कुछ सवारियां बस के आसपास ही टहल रही थीं। इसी बीच एक हाई स्पीड कार सवारियों को टक्कर मारते हुए बस में जा घुसी। इस हादसे में मुजफ्फरपुर के महदाया के रहने वाले 23 वर्षीय राकेश कुमार और सिलीगुड़ी जैगांव की रहने वाली 30 वर्षीय समीना की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सात अन्य यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।

ट्रेंडिंग वीडियो