भगवा साफा बांधकर पूर्व विधायक ने निकाली गेर
ग्राम छकतला में भराए चौथे भगोरिया हाट में भाजपा व कांग्रेस के नेता अपनी टोली के साथ दिखाई दिए। वही नेताओं ने मांदल बजाकर सबको नाचने पर मजबूर कर दिया। भाजपा के पूर्व विधायक नागरसिंह चौहान अपनी टोली के साथ छकतला हाट में पहुंचे। आलीराजपुर विधायक मुकेश पटेल और जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल भी अपनी टोली के साथ हाट में पहुंचे। चौहान द्वारा निकाली गई गैर में कार्यकर्ताओं ने सिर पर भगवा साफा पहना हुआ था। चौहान ने मांदल भी बजाई, साथ ही टोली के साथ भगोरिया हाट में घूमते नजर आए। इसके पहले पूर्व विधायक चौहान सोरवा में भी भगोरिया देखने पहुंचे और ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं को पर्व की बधाई दी। भाजपा जिलाध्यक्ष किशोर शाह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।