अलीराजपुर

धनतेरस पर आलीराजपुर में जमकर हुई खरीदारी, उमड़ी भीड़

घर-घर हुई धन लक्ष्मी की पूजा

अलीराजपुरNov 05, 2018 / 10:18 pm

अर्जुन रिछारिया

धनतेरस पर आलीराजपुर में जमकर हुई खरीदारी, उमड़ी भीड़

आलीराजपुर. धनतेरस पर इस बार जिले के बाजार में जमकर खरीददारी हुई। धनतेरस के चलते पूजा सामान से लेकर सोना चांदी, इलेक्ट्रॉनिक आयटम, बर्तन, कपड़े, वाहन सहित अन्य सामानों की खरीदी के लिए बाजार में भारी भीड़ उमड़ी। व्यापारी भी धनतेरस के लिए पूरी तरह से तैयार नजर आए। लक्ष्मी पूजा से पहले बाजार में लक्ष्मी जमकर बरसी और बाजार में हर तरफ रौनक नजर आई। धनतेरस को लेकर मान्यता है कि इस दिन खरीदी की गई सामग्री शुभ मानी जाती है। इसी कारण इस दिन लोगों ने ज्वेलरी, वाहन, संपत्ति, कपड़े, बर्तन सहित अन्य वस्तुओं की अपनी सामथ्र्य के अनुसार खरीदारी की। धनतेरस पर्व की महत्ता और लोगों के रूझान को देखते हुए व्यापारी वर्ग ने भी इस पर्व पर भारी कारोबार की उम्मीद लगाई थी। लोगों की मनपसंद की सामग्री दुकान में सजा कर रख ली थी। धनतेरस के चलते सुबह से लेकर रात्रि तक बाजार में खासी चहल-पहल दिखी।
जमकर चला कारोबार : ज्वेलरी बाजार में धनतेरस पर जमकर धन बरसा। नगर में धनतेरस पर ज्वेलरी आयटमों के कारोबार में इस बार लाखों रुपए के लगभग कारोबार रहा। इस दौरान सोने के सिक्कों के अलावा कंगन, टाप्स, जड़ाउ हार समेत मंगलसूत्र की ब्रिकी खूब हुई। संपन्न परिवारों के कई लोगों ने सोने के बिस्किट की भी खरीदारी की।
इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूमों में बाजार जगमग रहा : एलसीड़ी, एलइडी टीवी के मॉडलों के अलावा फ्रीज और माइकोब्रेव ओवन समेत ठंड के कारण हीटर, एसी का बाजार धनतेरस पर जगमग नजर आया। बाजार में इसके अलावा दीपावली के लिए तोरण और लाइटिंग कीे भी खरीददारी हुई। फर्नीचर बाजार में भी काफी खरीददारी हुई। वहीं घरो के लिए सोफा सेट समेत दीवान, डायनिंग और ड्रेसिंग के अलावा डबल बैड के पलंग की भी जमकर खरीददारी ग्राहकों द्वारा की गई। जिसके कारण बाजार में शोरूम सुबह से सज हुए दिखाई दिए। यहां पर भी लाखों का व्यापार हुआ।
बर्तन बाजार में रही सर्वाधिक भीड़
अंचल में धनरेतरस पर्व की खरीदारी की जाने की प्राचीन व विशेष परंपरा है, इसके चलते लोगोंं ने बर्तनों की अधिक खरीदारी की। धनतेरस के चलते जिले के बर्तन बाजार में भारी भीड़ दिखाई दी। वहीं बिजली से चलने वाले चूल्हे और नए बर्तन भी बाजार बिकते हुए दिखाई दिए। धनतेरस पर बर्तन खरीदी का अपना मुहूर्त था, ऐसे में व्यापारियों ने पहले से ही तैयारी कर ली थी।
वाहनों की हुई जमकर खरीदी : नगर में वाहनों के शोरूम पर इस बार धन तेरस के अवसर पर कार, ट्रैक्टर, बाईक के साथ ही अन्य प्रकार के चार पहिया वाहनों की जोरदार बिक्री हुई। लोगों ने शुभ मुर्हूत में वाहन खरीदकर उसकी पूजा कर माला पहनाई। बाइकों के नए मॉडल उतरे थे। इस कारण वाहन खरीदी के लिए लोगों में काफी रुचि दिखाई दी। लोगों ने पूर्व में ही अपने-अपने वाहनों की बुकिंग करवा दी थी।
धनलक्ष्मी की पूजा की : नगर के हिंदू परिवारों में धनतेरस के चलते धन लक्ष्मी की पूजा की गई। शुभ मुर्हूत में व्यापारियों ने अपनी दुकानों की गादी बिछाई और पूजन कर धन लक्ष्मी की आरती उतारी गई। आरती के बाद आतिशबाजी भी की गई। धन तेरस के चलते बाजार में काफी रौनक नजर आई। घर आंगन रंगोली भी बनाई गई। रंगोली का यह सिलसिला अन्नकूट तक चलता रहेगा।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.