script

माहेश्वरी समाज ने निकाला चल समारोह

locationअलीराजपुरPublished: Jun 12, 2019 12:15:41 am

मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान, प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरित

aa

माहेश्वरी समाज ने निकाला चल समारोह

आलीराजपुर. मंगलवार शाम को महेश जयंती के अवसर पर स्थानीय माहेश्वरी समाज द्वारा नगर के प्रमुख मार्गो से चल समारोह निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने भाग लिया। महिलाएं केसरिया रंग की साड़ी पहनी हुई थीं वहीं पुरुष सफेद कपड़े पहने शोभायात्रा में चल रहे थे।
शोभायात्रा के आगे बैंड बज रहे थे, जिसमें भगवान शंकर के भजनों की प्रस्तुति दी जा रही थी। जयंती को लेकर समाजजन में काफी उत्साह था। सुबह से ही जयंती को लेकर तैयारी की जा रही थी। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए पुन: समाज भवन पहुंची, जहां भगवान महेश की आरती उतारकर प्रसादी का वितरण किया गया। महेश जयंती के अवसर पर निकाले गए चल समारोह का प्रमुख मार्गो पर स्वागत किया गया। चल समारोह के पीछे रथ चल रहा था, जिसमें भगवान शंकर की प्रतिमा विराजित थी। जयंती के
चलते समाजजनों द्वारा अनेक धार्मिक कार्यक्रम भी किए गए। जयंती के चलते शाम को 5 बजे माहेश्वरी भवन प्रतापगंज मार्ग से विशाल चल समारोह निकाला गया। रात्रि 8 बजेे बालाजी गार्डन में महेश नवमी का मिलन समारोह एवं सामाजिक सहभोज का आयोजन रखा गया।
नवमी को माहेश्वरी उत्पत्ति दिन के रूप में मनाते हैं
ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की नवमी को महेश नवमी का उत्सव मनाया जाता है। यह पर्व मुख्य रूप से भगवान महेश और माता पार्वती की आराधना को समर्पित है। ऐसी मान्यता है कि युधिष्ठिर संवत् 9 विक्रम संवत् 8 जेष्ठ शुक्ल नवमी के दिन भगवान महेश और माता पार्वती ने ऋषियों के शाप के कारण पत्थर बने 72 राजपूत उमराओं को शाप मुक्त किया था और पुनर्जीवन देते हुए कहा था कि आज से तुम्हारे वंश पर, धर्म पर हमारी छाप रहेगी। तुम वंश धर्म से माहेश्वरी कहलाओगे। भगवान महेश के आशीर्वाद से पुनर्जीवन और माहेश्वरी नाम प्राप्त होने के कारण तभी से माहेश्वरी समाज जेष्ठ शुक्ल नवमी महेश नवमी को माहेश्वरी उत्पत्ति दिन के रूप में मनाते हैं।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया
माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा महेश जयंती के चलते माहेश्वरी महिला मंडल के तत्वावधान में स्थानीय नृसिंह मंदिर में महिलाओं, युवतियों व बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। मंगलवार को महेश जयंती के अवसर पर पुरस्कार का वितरण किया गया। वहीं इस बार महिला मंडल द्वारा इनामी योजना रखी गई थी, जिसमें अनेक प्रकार के आकर्षक उपहार थे। महिला मंडल द्वारा समाज के घर-घर जाकर लक्की ड्रॉ के टिकटों का वितरण किया गया।

ट्रेंडिंग वीडियो