scriptघर आया मेरा परदेसी की तर्ज पर मिले तो भाव-विभोर हुए | When I came home, I found myself on the lines of my family | Patrika News

घर आया मेरा परदेसी की तर्ज पर मिले तो भाव-विभोर हुए

locationअलीराजपुरPublished: Mar 14, 2019 11:09:48 pm

अंचल में सोंडवा और फुलमाल से भगोरिया पर्व की हुई रंगारंग शुरुआत आचार संहिता का भगोरिया पर दिखा असर, कानून व्यवस्था रही चाकचौबंद

aa

घर आया मेरा परदेसी की तर्ज पर मिले तो भाव-विभोर हुए

आलीराजपुर. आदिवासी संस्कृति का महापर्व भगोरिया में चुनाव की आचार संहिता का असर देखने को मिला, जहां गुरुवार को प्रारंभ हुए भगोरिये में वैसी भीड़ और रौनक दिखाई नहीं दी, जैसे हर वर्ष दिखाई देती है। इसका एक कारण राजनैतिक दलों द्वारा भगोरिया में बढ़-चढ़कर निकालने वाली गेर का ना निकला है। पहले भाजपा एवं कांग्रेस के नेताओं के द्वारा स्थानीय स्तर पर पर्व को लेकर व्यवस्थाएं की जाती थीं, वे भी अब आचार संहिता के चलते दिखाई नहीं दी। फिर भी पर्व तो पर्व है। ग्रामीण क्षेत्रों से आए आदिवासी समाज के युवक-युवतियों एवं महिलाओं बच्चों द्वारा भगोरिया पर्व में उत्साह के साथ शामिल हुए। वहीं पुरुष वर्ग बासुरी व ढोल की थाप पर मद मस्त होकर नृत्य करते हुए नजर आए। गुरुवार को अंचल के फूलमाल व सोंडवा के भगोरिया पर्व में क्षेत्रीय विधायक मुकेश पटेल ने भाग लेकर भगोरिया पर्व की परंपराओं को निभाया। वहीं जोबट विधायक कलावती भूरिया भी अपने समर्थकों व कार्यकर्ताओं के साथ जोबट भगोरिया पर्व में पहुंची थीं।
पारंपरिक गहनों के लिए प्रसिद्ध है भगोरिया
आदिवासी समाज की सालों पुरानी संस्कृति के पारंपरिक भगोरिया पर्व की रंगारंग शुरुआत गुरुवार 14 मार्च को जिले में फूलमाल, सोंडवा व जोबट के भगोरिया हाट से हो गई। सात दिनों तक चलने वाले भगोरिया पर्व के आरंभिक भगोरिया हाट में औसतन कम भीड़ उमड़ती है किंतु पर्व की रंगत का उल्लास दोपहर दो बजे तक अपने चरम पर पहुंच चुका था। आलीराजपुर जिले के भगोरिया हाट अपनी सालों पुरानी ठेठ आदिवासी संस्कृति, नवयौवनाओं के आकर्षक पारंपरिक परिधानों व गहनों के लिए पूरे भारत में जाने जाते हैं। इसी के चलते इस जिले के भगोरिया हाट विशेषकर पूरे मप्र सहित देश विदेश में भी प्रसिद्ध है। इस दौरान जिले के रहवासी जो की मजदूरी के लिए पलायन कर अन्य राज्यो में गए हुए थे, वे भी भगोरिया पर्व में शामिल होने के लिए अपनी मजदुरी छोड़कर जिले में पहुंच चुके हैं, जिन्हें देखकर उनके रिश्तेदार और मित्रगण की आंखों में चमक आ गई, जैसे वे कहना चाह रहे हो की घर आया मेरा परदेसी। इस दौरान मित्र रिश्तेदार भी आपस में मिलकर एक-दूसरे को राम-राम करते हुए प्रसन्न नजर आए।
फूलमाल में निकली भगोरिया की गेर
कट्ठीवाड़ा विकासखंड के ग्राम फूलमाल में पहले भगोरिया पर्व में आसपास के ग्रामोंं से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन सज धजकर पर्व की मस्ती का आनंद लेने के लिए पहुंचे थे। यहां पर विधायक मुकेश पटेल भगोरिया पर्व की पारंपरिक गैर में भी शामिल हुए। ग्राम के मुख्य मार्ग पर ढोल-मांदल के साथ निकली गैर में युवाजन नाचते-गाते पर्व का उल्लास बिखरते हुए निकले। विधायक पटेल के साथ ग्राम फूलमाल के सरपंच गमरसिंह भाई आदि भी शामिल हुए। वहीं दूसरी और प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर सुरेशचंद्र वर्मा, प्रभारी तहसीलदार संतुष्टि पाल, कट्ठीवाड़ा जनपद पंचायत सीइओ सहित बड़ी संख्या में सोरवा पुलिस थाना व फूलमाल चौकी के पुलिस अधिकारी व आरक्षक उपस्थित थे।
हाथों में गुदवाए नाम और झूलों का लिया आनंद
भागोरिया पर्व के पहले दिन गुरुवार को उपरोक्त स्थानों पर बच्चे, युवक-युवतियों के साथ बुजुर्गों ने उत्साह के साथ मिली-जुली वेशभूषा में आनंद लेते नजर आए। महिलाओं व युवतियों ने सौंदर्य प्रसाधन सामग्री खरीदने के साथ ही हाथों में नाम गुदवाए और झूलों को आनंद लिया। वहीं बच्चों ने कुल्फी व आइसक्रीम का लुत्फ उठाया। ग्रामीणों ने बताया की भगोरिया में अब काफी अंतर आ गया है। लोगों ने बदलते दौर के साथ पहनावे में भी परिवर्तन लाए हैं। इसके बाद भी उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। आदिवासी ढोल-मांदल की थाप पर ढलती शाम तक जमकर थिरके।
सोंडवा में विधायक पटेल ने बजाया ढोल
सोंडवा के भगोरिया हाट में पुलिस थाना प्रांगण में पर्व का मुख्य समारोह संपन्न हुआ। आसपास के ग्रामों से आए हुए करीब एक दर्जन से अधिक ढोल-मांदल की टीम के सदस्य कुर्राटियां मारते हुए ढोल-मांदल की थाप पर नाचते रहे। यहां पर विधायक मुकेश पटेल ने भी ढोल बजाया, जिस पर कार्यकर्ता व ग्रामीण बड़ी संख्या में थिरके। इस दौरान जिला कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष ओम सेठ राठौर, सोनू वर्मा, श्याम सैंडी रफीक कुरैशी, तरुण मंडलोई, झेतरा भाई, राजू डूमसिंह, सोंडवा एसडीएम, सोंडवा थाना प्रभारी, नानपुर थाना प्रभारी ईश्वर चौहान सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल उपस्थित था। इसके बाद विधायक पटेल ग्राम वालपुर पहुंचे, जहां पर शुक्रवार को लगने वाले भगोरिया पर्व की तैयारियों का निरीक्षण कर ग्राम पंचायत को सारी व्यवस्थाएं व आवश्यक नागरिक सुविधाएं जुटाने के निर्देश दिए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो