scriptइलाहाबाद जंक्शन पर बनेगा फाइव स्टार वेटिंग हाॅल, 200 कैमरे की निगरानी में होगी सुरक्षा | Five Star Waiting Hall at Allahabad Junction | Patrika News

इलाहाबाद जंक्शन पर बनेगा फाइव स्टार वेटिंग हाॅल, 200 कैमरे की निगरानी में होगी सुरक्षा

locationप्रयागराजPublished: Mar 28, 2018 07:03:37 pm

जंक्शन पर बनाया जाएगा सेल्फी प्वाइंट

 Allahabad Junction

इलाहाबाद जंक्शन

इलाहाबाद. इलाहाबाद जंक्शन के वेटिंग हाॅल में बैठने वाले यात्रियों को जल्द ही फाइव स्टार होटल जैसा एहसास होगा। इसके लिए इलाहाबाद मंडल की ओर से जल्द ही इलाहाबाद जंक्शन पर फाइव स्टार वेटिंग हाॅल बनाने का कार्य शुरू होगा। जिसमें फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं यात्रियों को मिल सकंेगी।

इलाहाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक संजय पंकज ने बुधवार को पत्रकारवार्ता के दौरान कहा कि इलाहाबाद जंक्शन पर फाइव स्टार होटल की तर्ज पर वेटिंग हाॅल बनाने की तैयारी की जा रही है। ताकि यहां आने वाले यात्रियों को फाइव स्टार होटल का एहसास दिया जा सके। वेटिंग हाॅल में हर मूलभूत सुविधा फाइव स्टार की तर्ज पर होगी। उन्होंने कहा कि कुम्भ मेला 2019 को ध्यान में रख इलाहाबाद जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक सुविधाओ से युक्त चार विश्रामगृह का निर्माण किया जा रहा है।

विश्रामालय मंे 300 यात्रियों के ठहरने व्यवस्था होगी। यात्रियों को ट्रेन संबंधित जानकारी के लिए विश्रामालय में ही डिस्प्ले लगाया जाएगा। इसके अलावा 35 नल, 12 काउंटर और 60 मोबाइल चार्जर प्वाइंट होंगे। विश्रामालय की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी होगी। यात्रियों की सुखद अनुभूति हेतु पाइप म्यूजिक की व्यवस्था होगी। उन्होंने बताया कि दो विश्रामालय जून-जुलाई और दो अक्तूबर-नवंबर तक तैयार हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि इलाहाबाद जंक्शन पर एक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जाएगा। इलाहाबाद जंक्शन परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रख 200 सीसीटीवी कैमरे लगाएंगे। जो 360 डिग्री पर काम करेंगे।

एयरपोर्ट की तर्ज पर बन रहा जंक्शन, बनाया जा रहा स्काई वाक

उन्होंने कहा इलाहाबाद जंक्शन का निर्माण एयरपोर्ट की तर्ज पर किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत स्टेशन के दोनों ओर बड़े-बड़े डिस्प्ले बोर्ड लगाये जायेगे। लेजर लाइट द्वारा कुम्भ का लोगो प्रदर्शित किया जायेगा। सिटी साइड की तरह सिविल लाइन साइड का भी विकास किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत फव्वारा व लाइटिंग का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा सभी पैदल उपरिगामी पूलों को जोड़ने के लिए स्काई वाक का निर्माण किया जा रहा है।

 

ट्रेंडिंग वीडियो