scriptभाजपा उम्मीदवारों ने शक्ति प्रदर्शन के साथ किया नामांकन,रोड शो कर दिग्गजों ने मांगा वोट | Nomination by BJP candidates in Prayagraj 2019 election | Patrika News

भाजपा उम्मीदवारों ने शक्ति प्रदर्शन के साथ किया नामांकन,रोड शो कर दिग्गजों ने मांगा वोट

locationप्रयागराजPublished: Apr 23, 2019 10:17:26 am

डॉ रीता जोशी ने कहा आजम का बयान शर्मनाक साक्षी महराज के बयांन का किया समर्थन

election

2019

प्रयागराज। छठवें चरण के चुनाव के लिए प्रयागराज की दोनों सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों ने सोमवार को नामांकन किया। नामांकन के साथ भाजपा प्रत्याशियों ने अपना शक्ति प्रदर्शन भी किया। फूलपुर लोकसभा से केशरी देवी पटेल और इलाहाबाद लोकसभा से डॉ रीता बहुगुणा ने नामाकंन किया। डॉ रीता बहुगुणा जोशी प्राचीन सिद्ध पीठ कल्याणी देवी पहुंची पूजा अर्चन के बाद उनका काफिला शहर के अलग-अलग हिस्सों से होते हुए नामांकन स्थल पंहुचा। रीता बहुगुणा जोशी के साथ कल्याणी देवी से उनके जुलूस में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी मेजा भाजपा विधायक नीलम करवरिया भी शामिल हुए। इस मौके पर रीता बहुगुणा जोशी ने मोदी और योगी सरकारों के विकास के दम पर भारी वोटों से जीत का दावा किया।

रीता बहुगुणा जोशी ने कहा है कि देश में मोदी लहर है और 350 से ज्यादा सीटें भाजपा जीतेगी। उन्होंने सपा.बसपा और रालोद गठबंधन को भाजपा के लिए कोई खतरा न बताते हुए कहा कि इलाहाबाद सीट पर उन्हें जनता का अच्छा रिस्पांस भी मिल रहा है। वहीं इलाहाबाद सीट से प्रियंका गांधी के चुनाव मैदान में उतरने की चर्चाओं को अफवाह बताते हुए कहा कि प्रियंका गांधी 2019 में चुनाव ही नहीं लड़ेंगी। हांलाकि उन्होंने कहा है कि लोकतन्त्र है अगर प्रियंका गांधी चुनाव लड़ेंगी तो चुनाव में मजा आयेगा।

आजम खान को राजनीति सन्यास से ले लेना चाहिये
सूबे की कैबिनेट मंत्री और इलाहाबाद संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ रीता बहुगुणा जोशी ने भाजपा सांसद साक्षी महाराज के उस बयान का समर्थन किया है जिसमें उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को मंद बुद्धि कहा है। हांलाकि डॉ रीता बहुगुणा जोशी ने कहा है कि राजनीति में भाषा की मर्यादा भी तय होनी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी को अपरिपक्व नेता बताते हुए कहा है कि 14 वर्षों से राहुल गांधी सक्रिय राजनीति में हैं लेकिन उनमें अभी भी वो गम्भीरता नहीं है जो एक राष्ट्रीय दल के अध्यक्ष में होनी चाहिए। वहीं डॉ जोशी ने सपा नेता और पूर्व मंत्री आजम खान पर हमला बोलते हुए कहा है कि उन्हें राजनीति से सन्यास ले लेना चाहिए।

उन्होंने कहा है कि आजम खान भड़काऊ और अश्लील बातें इसलिए बोलते हैं ताकि उन्हें मीडिया में सुर्खियां बटोरने का मौका मिलता रहे। रीता जोशी ने कहा है कि जयाप्रदा के लिए जिन शब्दों का इस्तेमाल आजम खान ने किया है इससे गिरी बात कोई कर ही नहीं सकता है। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी के पार्टी छोड़ने पर उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कि कांग्रेस में महिलाओं का सम्मान नहीं है।

डिप्टी सीएम ने किया रोड शो
वही फूलपुर लोकसभा सीट की उम्मीदवार केशरी देवी पटेल अपने समर्थको के साथ नामांकन करने पहुची इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने रोड शो कर पार्टी के उम्मीदवारों के लिए समर्थन मांगा उनके साथ उनके बेटे योगेश मौर्या डॉ सिधार्थ नाथ सिंह सहित पूर्व विधायक दीपक पटेल ,गुरुप्रसाद मौर्य और कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी शामिल हुए। केशरी देवी के नामांकन में पंहुचें सिधार्थ नाथ सिंह ने कहा की प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी दोबारा प्रधानमंत्री बन रहे है। प्रयागराज की दोनों सीटें चुनाव से पहले ही भाजपा के खाते में है। वही उम्मीदवार केशरी देवी पटेल ने कहा की पुरे देश में मोदी -मोदी के नाम की गूंज है। प्रयागराज की धरती पर भव्य कुम्भ और दिव्य कुम्भ का सफल आयोजन कर प्रधानमंत्री ने प्रयागराज की जनता को बड़ी सौगात दी है। फूलपुर की सीट पर एक बार फिर भाजपा का कमल खिलेगा और जीत मिलेगी। प्रयागराज और फूलपुर की जनता ने भाजपा का साथ देने का मन बना लिया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो