scriptफूलपुर उपचुनाव: निर्वाचन आयोग से मिली मतदाता पर्चियों में सामने आयी गड़बड़ी | Phulpur By Election Fault found in voter slips | Patrika News

फूलपुर उपचुनाव: निर्वाचन आयोग से मिली मतदाता पर्चियों में सामने आयी गड़बड़ी

locationप्रयागराजPublished: Mar 10, 2018 10:59:32 pm

फूलपुर उपचुनाव के लिये दी गयी मतदाता पर्चियों में गड़बड़ी से वोटर हैरान।

Voter Slip Fault

वोटर स्लिप में गड़बड़ी

इलाहाबाद. फूलपुर उपचुनाव के लिये मतदान में महज चंद घंटे ही बचे हैं। राजनीतिक दल अंतिम रणनीति पर काम में लग गए हैं। इन सबके बीच निर्वाचन आयोग की एक गलती से मतदाता अचंभित हैं। वोटर्स को जो मतदाता पर्चियां दी गयी हैं उसमें गड़बड़ी हैं। पर्चियों की प्रिंटिंग में गड़बड़ी है। मतदान का दिन रविवार की जगह गुरुवार लिखा हुआ है। ऐसी पर्चियां मिलने के बाद अब मतदाता इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कर रहे हैं। स्थानीय बीएलओ ने भी गलती को माना है। लोगों में इस बात को लेकर भ्रम है कि कहीं उन्हें वोट देने के समय रोक न दिया जाय और इसके चलते किसी तरह की कोई परेशानी न उठानी पड़े।

मुनिदेव यादव का मतदान स्थल छतनांग के बिड़ला स्कूल में है। पर उन्हे जब बीएलओ से मतदाता पर्ची मिली तो उसे पड़कर वह भ्रम में पड़ गए। पर्ची पर रविवार की जगह गुरुवार दर्ज था। बुजुर्ग मुनिदेव ज्यादा नहीं समझ पाए तो पड़ोसियों को दिखाया। तब जाकर उन्हें पता चला कि उन लोगों को जो पर्चियां मिली हैं उस पर भी गुरुवार ही दर्ज है। हालांकि तारीख और मतदान का समय सही अंकित है। मुनेदेव के पड़ोसी बनवारी यादव बताते हैं कि वैसे तो पर्ची पर केवल दिन ही गलत दर्ज है पर इससे भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।

पर्ची पर दर्ज बीएलओ शर्मिला त्रिपाठी से जब इस बाबत बात की गयी तो उन्होंने बताया कि ये प्रिंटिंग की गलती है। तहसील स्तर से ही यह गड़बड़ी हुई है। पर्ची देने के समय ही लोगों को बता दिया गया है कि गलती से रविवार की जगह गुरुवार अंकित हो गया है। जिन लोगों को यह नहीं पता उन्हें भी वोट देने में कोई दिक्कत नहीं होगी।
बता दें कि फूलपुर संसदीय सीट के उपचुनाव के लिये रविवार को सुबह सात बजे से लेकर शाम पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे।
सपा से नागेंद्र सिंह पटेल, भाजपा से कौशलेन्द्र सिंह पटेल, कांग्रेस से मनीष मिश्रा और बाहुबली अतीक अहमद निर्दलीय समेत कुल 22 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां बसपा ने सपा को समर्थन दिया है। वोटिंग के लिये सभी पांच विधानसभाओं में 793 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 2155 बूथें पर वोट डाले जाएंगे। मतदान के लिये कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। देर रात ही संवेदनशील बूथें पर पुलिस और अर्धसैनिक बल एक्टिव हो गए हैं। उपचुनाव के लिये पैरामिलिट्री फोर्स के साथ ही 30 कंपनी पीएसी, कौशाम्बी में दो कंपनी पीएसी अलग से, इसके अलावा छह सीओ, 20 निरीक्षक, 314 उपनिरीक्षक, 443 मुख्य आरक्षी और 1668 सिपाहियों की तैनाती की गयी है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो