scriptफूलपुर उपचुनाव: प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों ने झोंकी ताकत, अखिलेश का मेगा शो ,अतीक का शक्ति प्रदर्शन | phulpur bypoll, all parties got strength in election on last day | Patrika News

फूलपुर उपचुनाव: प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों ने झोंकी ताकत, अखिलेश का मेगा शो ,अतीक का शक्ति प्रदर्शन

locationप्रयागराजPublished: Mar 09, 2018 09:03:07 pm

बंद हुआ महीनो से चल रहा चुनाव प्रचार अब जनता की बारी है
 

phulpur election

प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों ने झोंकी ताकत, अखिलेश का मेगा शो ,अतीक का शक्ति प्रदर्शन

इलाहाबाद फूलपुर संसदीय क्षेत्र के लिए हो रहे उपचुनाव में प्रचार के अंतिम दिन शुक्रवार को सभी प्रमुख दलों ने पूरी ताकत झोंक दी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शक्ति प्रदर्शन के लिए अपने प्रत्याशी के समर्थन में आज रोड शो किया।पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में अखिलेश यादव आज करीब 12 बजे बमरौली हवाई अड्डे पहुंचे। वहीं से उन्होंने अपना रोड शो शुरु कर दिया, जो शहर के विभिन्न इलाकों से होते हुए फाफामऊ पहुंचा, जहां उन्होंने एक चुनावी सभा को संबोधित किया।

चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा की केंद्र और प्रदेश की सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता को केवल मूर्ख बनाती है। इस दल की सरकार का विकास से कोई लेना देना नहीं है। अखिलेश ने दावा किया कि बसपा के समर्थन से उनकी पार्टी फूलपुर और गोरखपुर दोनों उपचुनाव जीतने जा रही है।

प्रचार के अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी आज इलाहाबाद पहुंचे। फूलपुर संसदीय क्षेत्र के अंदर झूसी में उन्होंने व्यापारियों का एक सम्मेलन संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार ने व्यापारियों को बड़ी राहत दी है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पहले से बेहतर हो गयी है। ऐसे में अब न केवल प्रदेश का व्यापारी भयमुक्त होकर व्यापार कर रहा है, बल्कि बड़े औद्योगिक घराने भी उत्तर प्रदेश में निवेश करने के लिए आ रहे हैं।

केंद्रीय रेल मंत्री ने इस मौके पर बताया कि कुम्भ से पहले इलाहाबाद के सभी रेलवे स्टेशन बदले रूप में दिखाई देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने फूलपुर के संासद केशव मौर्य को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाकर यहां के मतदाताओं का सम्मान किया है। ऐसे में यहां की जनता अब उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी कौशलेंद्र पटेल को भी भारी मतों से जिताकर संसद में भेजेगी। इस कार्यक्रम को प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और अनुपमा जायसवाल ने भी संबोधित किया।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश सरकार के कई और मंत्रियों ने भी प्रचार के अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आज कई चुनावी सभाओं को संबोधित किया।कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने भी पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में आज यहां पत्रकार की और कई जनसभाओं को संबोधित किया। उधर, निर्दलीय प्रत्याशी अतीक अहमद के समर्थन में आज कचेहरी के पास एक बड़ी जनसभा का आयोजन किया गया।

थम गया चुनाव प्रचार
फूलपुर उपचुनाव के लिए 11 मार्च को मतदान होगा और मतों की गणना 14 मार्च को होगी। चुनाव प्रचार का कार्य आज शाम पांच बजे समाप्त हो गया। फूलपुर के साथ गोरखपुर लोक सभा सीट के लिए भी 11 मार्च को मतदान होगा और मतगणना 14 मार्च को होगी। गौरतलब है कि गोरखपुर सीट मुख्यमंत्री आदित्यनाथ और फूलपुर सीट उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। फूलपुर से भाजपा ने कौशलेन्द्र सिंह पटेल सपा ने नागेंद्र सिंह पटेल और कांग्रेस ने मनीष मिश्रा को मैदान में उतारा है। वहीं 2004 में सपा के टिकट पर यहां से सांसद बने अतीक अहमद इस बार निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में चुनाव लड़ रहे हैं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो