scriptअलवर में भाजपाइयों ने रखा उपवास, कांग्रेस ने उपवास पर बोला जोरदार हमला, कही यह बात | BJP LEADERS FAST IN ALWAR | Patrika News

अलवर में भाजपाइयों ने रखा उपवास, कांग्रेस ने उपवास पर बोला जोरदार हमला, कही यह बात

locationअलवरPublished: Apr 13, 2018 02:20:04 pm

Submitted by:

Prem Pathak

अलवर में भाजपा विधायकों, नेताओं व पदाधिकारियों ने विपक्ष के संसद न चलने देने के विरोध में उपवास रखा। वहीं कांग्रेस ने भी इस उपवास पर हमला बोला।

BJP LEADERS FAST IN ALWAR
अलवर. बजट सत्र के दौरान विपक्ष की ओर से कार्य नहीं करने देने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय आह्वान पर गुरुवार को शहीद स्मारक पर अनशन व उपवास रखा गया। कार्यक्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश को तोडऩे का काम कर रही है। एससी-एसटी वर्ग को आरक्षण के नाम पर भ्रमित किया जा रहा है। वहीं, भाजपा स्पष्ट रूप से कह चुकी है कि इस वर्ग का आरक्षण न खत्म करेंगे और न करने देंगे। जिला संगठन प्रभारी अखिल शुक्ला ने कांग्रेस पर संसद को अपमानित करने का आरोप लगाया।
सामान्य प्रशासन मंत्री हेमसिंह भड़ाना ने कांग्रेस पर देश में भय पैदा करने का आरोप लगाया। कार्यक्रम में श्रममंत्री जसवन्त यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने काले कारनामों को छिपाने के लिए संसद को नहीं चलने दे रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष पं. धर्मवीर शर्मा ने कांग्रेस को अलोकतांत्रिक पार्टी बताते हुए देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। इससे पूर्व भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने उपवास रखकर शहीद स्मारक पर अनशन किया। अनशन शाम पांच बजे तक चला।
अनशन व उपवास पर विधायक जयराम जाटव, ज्ञानदेव आहूजा, बनवारीलाल सिंघल, रामहेत यादव, प्रदेश मंत्री बलराम यादव, यूआईटी चेयरमैन देवीसिंह शेखावत, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय शर्मा, सभापति अशोक खन्ना, उपसभापति शशि तिवाड़ी, उपजिला प्रमुख रमन गुलाटी, महामंत्री संजय नरूका, नरेश शर्मा, सुरेश मेहता आदि बैठे।
जनता को कर रहे भ्रमित

उधर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा के उपवास को दिखावा और नोटंकी बताते हुए इसे जनता को भ्रमित करने वाला कदम बताया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा व राज्य सभा को लेकर चल रहे गतिरोध को समाप्त करने के लिए भाजपा के उपवास से जनता का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष अपनी कमजोरियों को छिपाना चाहता है। जबकि सत्ता पक्ष का काम है कि वह सदन को चलाए और विपक्ष की सभी पार्टियों को साथ लेकर चले। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने भी भाजपा के उपवास को स्टंट बताया है। सिंह के अनुसार भाजपा ने भी विपक्ष में रहते हुए कई बार संसद को नहीं चलने दिया। भाजपा को उपवास की जगह पश्चाताप करना चाहिए और जनता से माफी मांगनी चाहिए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो