scriptगांव में बारात की निकासी के दौरान फायरिंग, दूल्हे के भाई की मौके पर ही मौत, मची अफरा-तफरी | man killed in firing at wedding in alwar rajasthan | Patrika News

गांव में बारात की निकासी के दौरान फायरिंग, दूल्हे के भाई की मौके पर ही मौत, मची अफरा-तफरी

locationअलवरPublished: May 19, 2022 10:21:21 am

Submitted by:

santosh

अलवर जिले में बारात की निकासी के दौरान दो युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर बारात में शामिल युवकों पर तीन- चार राउण्ड फायरिंग की, जिसमें बारात में शामिल आकाश के सीने में गोली से लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

alwar_firing.jpg

अलवर। मालाखेड़ा क्षेत्र के बडेर का बास गांव में बुधवार रात करीब 8.30 बजे निकासी के दौरान पत्थर पहाड़ी गांव के दो युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर बारात में शामिल युवकों पर तीन- चार राउण्ड फायरिंग की, जिसमें बारात में शामिल आकाश के सीने में गोली से लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक अन्य युवक सुनील के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। साथ ही बारात में शामिल मुकेश के हाथ में छर्रे लगने से वह भी घायल हो गया।

अचानक फायरिंग होने से बारात में अफरा तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक का शव मोर्चरी में रखवा दिया तथा घायल सुनील को अलवर के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात को दूसरे घायल मुकेश को भी इलाज के लिए अलवर के सामान्य चिकित्सालय में लाया गया। देर रात को पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम सामान्य अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी एवं मृतक आकाश के चाचा ओमप्रकाश यादव ने बताया कि कठूमर के पत्थर पहाड़ी गांव निवासी रामकरण यादव के पुत्र देवेन्द्र की बडेर का बास निवासी धौलियाराम यादव की बेटी निशा के साथ बुधवार को शादी थी। बारात की रात को निकासी निकल रही थी, इसी दौरान रात करीब 8.30 बजे पत्थर पहाड़ी गांव से बारात से अलग मोटर साइकिल पर आए महेन्द्र उर्फ कलुवा तथा इसके भाई देवेन्द्र ने पुरानी रंजिश के चलते नजदीक से फायरिंग कर दी, जिसमें 17 वर्षीय आकाश पुत्र बिजेन्द्र यादव के सीने में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह आईटीआई कर रहा था। वहीं 26 वर्षीय सुनील पुत्र तुलसी यादव के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। यह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वहीं एक अन्य युवक मुकेश के हाथ में भी छर्रे लगे, जिससे वह घायल हो गया। फायरिंग के बाद बारात में अफरा तफरी मच गई। इसी दौरान बारातियों ने एक युवक का हथियार छीन लिया। बाद में दोनों युवक मोटरसाइकिल से फरार हो गए। दोनों युवकों के पास हथियार थे।

मृतक के चचेरे भाई की थी शादी
मृतक आकाश के ताऊ के लड़के देवेन्द्र की शादी थी। घायल सुनील भी दूल्हे के परिवार का सदस्य है। वहीं मृतक आकाश व घायल सुनील चचेरे भाई हैं। मृतक आकाश का पिता बिजेन्द्र यादव मधुमक्खी पालन का कार्य करता है। बिजेन्द्र के दो पुत्र व एक पुत्री है। इनमें बड़ा पुत्र रिंकू मंदबुदि्ध है तथा छोटा पुत्र आकाश पर घर की जिम्मेदारी थी। घटना के दौरान मृतक के पिता भी वहीं मौजूद थे।

आरोपी युवक में एक बाउंसर
निकासी के दौरान फायरिंग करने के आरोपी महेन्द्र उर्फ कलुवा अलवर में बाउंसर का कार्य करता है। घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और घटना की जानकारी ली। बाद में पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी। वहीं अलवर के सामान्य अस्पताल पहुंची पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि निकासी के दौरान फायरिंग की घटना हुई, जिसमें एक युवक की मौत हुई है, वहीं दो अन्य घायल हुए हैं। पुलिस आरोपियाें की तलाश में जुटी है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो