अलवर

राजस्थान की इस चर्चित सीट पर कांग्रेसी चाचा ने भाजपाई भतीजे को हराकर जीता चुनाव, कांग्रेस के हाथ के साथ गए निर्दलीय पार्षद

प्रदेश में निकाय चुनाव के नतीजे घोषित हो गए, खास बात यह रही कि एक नगर पालिका में चाचा ने अपने भतीजे को चुनाव में हराया है।

अलवरNov 26, 2019 / 05:53 pm

Lubhavan

राजस्थान की इस चर्चित सीट पर कांग्रेसी चाचा ने भाजपाई भतीजे को हराकर जीता चुनाव, कांग्रेस के हाथ के साथ गए निर्दलीय पार्षद

अलवर. राजस्थान में निकाय चुनावों के नतीजे आ गए हैं। पिछले 1 माह से चला आ रहा निकाय चुनावों का शोर मंगलवार को समाप्त हो गया। हालांकि बुधवार को उप सभापति के लिए मतदान होगा, लेकिन अधिकांश लोग इसे औपचारिकता मान रहे हैं। इन निकाय चुनावों में अलवर जिले की नवनिर्मित थानागाजी नगर पालिका में चाचा ने अपने भतीजे को हराया है। थानागाजी नगर पालिका में कांग्रेस प्रत्याशी चौथमल सैनी अपने भतीजे भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सैनी को हराकर थानागाजी नगर पालिका के पहली बार अध्यक्ष चुने गए। थानागाजी नगर पालिका के 25 सीटों में से कांग्रेस ने चौथमल सैनी को 18 वोट मिले। वहीं उनके भतीजे भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सैनी को 7 वोट ही मिल पाए। चौथमल सैनी ने बाबूलाल को 11 वोट से हराया।
क्रॉस वोटिंग हुई

थानागाजी नगर पालिका की 25 सीटों पर कांग्रेस के 10, भाजपा के 9 और 6 निर्दलीय प्रत्याशी जीते थे। वहीं पालिकाध्यक्ष चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को मात्र 7 वोट ही मिल सके। ऐसे में वहां निर्दलीय तो कांग्रेस के साथ गए ही, बल्कि भाजपा के दो पार्षदों ने भी क्रॉस वोटिंग की।

अलवर जिले के तीनों निकायों में कांग्रेस

अलवर जिले के तीनों निकायों में कांग्रेस पार्टी जीत गई। अलवर नगर परिषद, भिवाड़ी नगर परिषद और थानागाजी नगर पालिका में कांग्रेस की जीत हुई है। अलवर नगर परिषद से कांग्रेस की बीना गुप्ता सभापति बन गई है। भिवाड़ी नगर परिषद से कांग्रेस के शीशराम तंवर सभापति बन गए हैं। वहीं थानागाजी नगर पालिका में कांग्रेस के चौथमल सैनी पालिका अध्यक्ष बन गए हैं। अलवर नगर परिषद में कांग्रेस की बीना गुप्ता ने भाजपा प्रत्याशी धीरज जैन को 9 वोटों से हरा दिया है। नगर परिषद की 65 सीटों में से कांग्रेस की बीना गुप्ता को 37 व भाजपा के धीरज जैन को 28 वोट मिले हैं। भिवाड़ी नगर परिषद में कांग्रेस के शीशराम तंवर ने भाजपा की बत्ती देवी को 16 वोट से हराया है। भिवाड़ी के 60 में से कांग्रेस के शीशराम तंवर को 38 और भाजपा की बत्ती देवी को 22 वोट ही मिल पाए। नवनिर्मित थानागाजी नगर पालिका में कांग्रेस के चौथमल सैनी ने अपने भतीजे भाजपा के बाबूलाल सैनी को 11 वोट से हराया। कांग्रेस के चौथमल सैनी को 18 और भाजपा के बाबूलाल सैनी को 7 वोट मिले।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.