scriptभाजपा राज में हर छह घंटे में हो रहा एक बलात्कार: चौटाला | rape happening every six hours in BJP rule: Chautala | Patrika News

भाजपा राज में हर छह घंटे में हो रहा एक बलात्कार: चौटाला

locationअंबालाPublished: Jan 16, 2018 11:17:22 pm

राज्य में बच्चियों के साथ बढ़ते बलात्कार एवं हत्याओं के मामलों को लेकर नेता विपक्ष अभय सिंह चौटाला ने सरकार की निंदा

Abhay Singh Chautala

चंडीगढ़। राज्य में बच्चियों के साथ बढ़ते बलात्कार एवं हत्याओं के मामलों को लेकर नेता विपक्ष अभय सिंह चौटाला ने सरकार की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से त्याग पत्र की मांग की है। अभय सिंह चौटाला ने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि अकेले पानीपत जिले में ही पिछले कुछ दिनों में बच्चियों के साथ दुष्कर्म और उनकी हत्या की चार जघन्य घटनाएं घट चुकी हैं। इसके अतिरिक्त अभी हाल में कुरुक्षेत्र के गांव झांसा निवासी 15 वर्षीय लडक़ी की भी बलात्कार के पश्चात अपराधियों ने नृशंसता के साथ हत्या कर दी।


उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं अपवाद नहीं हैं क्योंकि बीते वर्ष में एक तरफ तो हर प्रकार की अपराध की घटनाओं में वृद्धि हुई है परंतु विशेष रूप से महिलाओं का इसका शिकार होना पड़ा है। गत वर्ष प्रतिदिन औसतन चार बलात्कार की घटनाओं के मामले पुलिस द्वारा दर्ज किए गए थे। इस प्रकार भाजपा के शासनकाल में जहां पहले आठ घण्टे में एक बलात्कार होता था अब छह घण्टे में होने लगा है।


इनेलो नेता ने कहा कि इस प्रकार की बढ़ती घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि खट्टर सरकार कानून व्यवस्था जैसे प्राथमिक दायित्व को निभाने में पूरी तरह से असफल रही है जिस कारण उन्हें सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। अभय सिंह चौटाला के अनुसार बढ़ती अपराध की घटनाओं का एक मुख्य कारण यह है कि पुलिस तंत्र के कमजोर होने के साथ भाजपा सरकार उन चुनौतियों से निपटने में पूरी तरह विफल रही है जिनके कारण अपराध न केवल बढ़ते हैं बल्कि अपराधी भी बेखौफ होकर समाज में जीते हैं।

तुरंत पद से इस्तीफा दें सीएम खट्टर:जयहिंद

हरियाणा में लोहड़ी और मकर संक्रांति के पर्व पर मासूमों के साथ रेप की तीन घटनाओं के बाद आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से तुरंत इस्तीफे की मांग की है। आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि वर्ष 2015 में पानीपत में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरूवात करने के बावजूद पानीपत जिला भी ऐसी घटनाओ से अछूता नहीं रह पाया है। गैंगरेप की घटनाएं शर्मनाक हैं। नवीन जयहिंद ने कहा कि हरियाणा में महिला सुरक्षा पूरी तरह खत्म हो चुकी है। प्रदेश में महिलाएं अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रही है।


नवीन जयहिंद ने कहा कि कभी गुरुग्राम, फरीदाबाद, जींद, पलवल प्रदेश में एक भी जिला ऐसा नहीं बचा जहां पर ऐसी अमानवीय घटना न हुई हो। नवीन जयहिंद ने कहा कि खट्टर सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुधारने असफल साबित हुए हैं। ऐसे में उन्हें पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो