scriptअंबेडकर नगर में दिनदहाड़े सपा नेता की गोली मारकर हत्या | Ambedkarnagar shocked by Firing in daylight, Youth SP leader murdered | Patrika News
अम्बेडकर नगर

अंबेडकर नगर में दिनदहाड़े सपा नेता की गोली मारकर हत्या

युवा नेता पूर्व सपा जिलाध्यक्ष रामशकल यादव का सहयोगी बताया जा रहा है। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, सपा नेता पर भी दर्ज थे कर्इ मुकदमे।

अम्बेडकर नगरJun 26, 2016 / 08:06 pm

Ashish Pandey

Youth Death

Youth Death

अम्बेडकर नगर. जिले के आलापुर थाना क्षेत्र का राम नगर बाजार उस समय थर्रा उठा जब दिन दहाड़े बाजार से घर जा रहे युवा सपा नेता ज्ञान सिंह उर्फ़ बेचन सिंह को ताबड़तोड़ फायरिंग कर तीन अज्ञात बदमाशों ने मौत के घाट उतार दिया। युवा नेता पूर्व सपा जिलाध्यक्ष राम शकल यादव का सहयोगी बताया जा रहा है। हत्या के कारणों का अभी कुछ पता नहीं है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची आैर बेचन सिंह को अस्पताल भिजवाईए जहाँ डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के ऊपर भी दर्ज हैं कई मुकदमे

इस जघन्य हत्याकाण्ड का मुख्य कारण मृतक बेचन सिंह का अपना कार्य व्यवहार भी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बेचन सिंह एक दबंग प्रवृत का व्यक्ति था, जिसके ऊपर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। बताया जाता है कि जमीन की खरीद फरोख्त में भी वह जोर आजमाइश करता रहता था, जिसमें भी कुछ लोगों से विवाद था। इसके अलावा बेचन सिंह ने कई लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे ऐंठ लिए थे, जिसकी वापसी को लेकर बेंचन सिंह पर दबाव था और दो-तीन दिन पहले पंचायत भी हुई थी। क्षेत्र के चहोड़ा घाट से अवैध बालू खनन का मामला भी इस हत्याकाण्ड से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि अवैध बालू खनन से जुड़े एक माफिया से बेंचन सिंह का छत्तीस का आंकड़ा चल रहा था।

फ़िल्मी अंदाज में हुई हत्या


बताया जाता है कि ज्ञान सिंह उर्फ़ बेचन सिंह रविवार को दोपहर में राम नगर बाजार से अपने गांव मसेना मिर्जापुर की तरफ मोटर साइकिल से जा रहे थे। उसी समय पीछे से तीन बाइक सवार बदमाशों ने करीब पहुँच कर बेचन सिंह पर फायर कर दिया, जिसके बाद वह मौके पर ही गिर पड़े। इसके बाद तीनों अज्ञात बदमाशों ने बेंचन सिंह पर कई फायर झोंक कर मौत की नींद सुला दिया और बड़े आराम से ताबड़ तोड़ फायरिंग करते हुए मोटर साइकिल पर बैठकर जहांगीर गंज की तरफ भाग गए।

दिन दहाड़े हुई इस जघन्य हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में दहशत व्याप्त है। जिले में लगातार एक के बाद एक हो रही ताबड़तोड़ घटनाओं से क़ानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो