scriptसड़क हादसों में सास दामाद समेत चार लोगों की मौत, 17 घायल | Four people killed, 17 injured in separate road accidents | Patrika News

सड़क हादसों में सास दामाद समेत चार लोगों की मौत, 17 घायल

locationअम्बेडकर नगरPublished: Feb 24, 2018 07:32:02 pm

Submitted by:

Ashish Pandey

परिजनों में मचा कोहराम, घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
 

Four people killed

अंबेडकरनगर. जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में वृद्ध महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई और वहीं डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज चल रहा है। चार मौतों से उनके परिजनों में कोहराम मच गया है।
सुल्तानपुर जिले के अखंडनगर थाना क्षेत्र के ख्वाजा बरौरा निवासी विकास (31) पुत्र राम पलट अपनी सास शोभावती पाल (61) के साथ बाइक से अकबरपुर से फैजाबाद जा रहा था। इसी दौरान अहिरौली टेउवा के पास विपरीत दिशा से आ रही चार पहिया वाहन की टक्कर से दोनों गम्भीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। विकास सुल्तानपुर जिले में पीएनबी बैंक में पीओ के पद पर तैनात थे। वह शनिवार को अपने ससुराल नगर के शास्त्री नगर मोहल्ले में आए थे। बाइक से अपनी सास के साथ फैजाबाद जा रहे थे। कुछ वर्ष पूर्व उनकी शादी हुई थी। उनकी दो वर्ष की एक बेटी भी है।
बसखारी दसरैचा से पिकप पर सवार नाचने गाने वाले चार लोग जाफरगंज बाजार के निकट अटंगी में बारात जा रहे थे। इसी दौरान सम्मनपुर थाना क्षेत्र के सिकन्दरपुर हवदवा के निकट विपरीत दिशा से आ रही ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकप के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बसखारी थाना क्षेत्र के बेलापरसा निवासी राम अधार (50) पुत्र खिरोधर, जयहिन्द (30) पुत्र राम अधार, राम बुझारत (37) पुत्र पूरन, रमेश चंद्र (40) पुत्र किरोधर घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां राम अधार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी जब परिजनों को हुई तो शांती देवी (35) पत्नी प्रकाश व गीता देवी (35) पत्नी रामवृक्ष ईरिक्शा से जिला अस्पताल आ रही थी। खपुरा कुर्की बाजार के निकट ईरिक्शा चार पहिया वाहन की चपेट में आ गया, जिससे दोनों घायल हो गई। वहीं आलापुर थाना क्षेत्र के ढोल बजवा निवासी विजय (25) पुत्र शंकर अपने साथी मिर्जापुर जंगल निवासी सचिन (22) पुत्र रामजीत के साथ बाइक से औरांव बारात में जा रहा था। ढोल बजवा बाजार के निकट विपरीत दिशा से आ रही चार पहिया वाहन की लाइट से अनियंत्रित होकर घायल हो गया। हादसे में विजय की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सचिन को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अकबरपुर थाना क्षेत्र के शहजादपुर निवासी आशाराम (38) साइकिल से अकबरपुर जा रहे थे। फौवारा तिराहे के निकट चार पहिया वाहन की टक्कर से घायल हो गए। अन्य सड़क हादसे में जैतपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद निवासी रवि पांडेय (20), अकबरपुर थाना क्षेत्र के नासिरपुर बरवा निवासी सचिन वर्मा (18), अकबरपुर थाना क्षेत्र के मुरादाबाद निवासी शहाबुद्दीन (30), अकबरपुर थाना क्षेत्र के अरजानी निवासी प्रियंका (28), टांडा थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी गुड्डू (25), अकबरपुर थाना क्षेत्र के इन्द्रलोक कालोनी निवासी मयंक मिश्र (25) व जयकला मिश्र (62) पत्नी सीताराम, बसखारी थाना क्षेत्र के पिपरी सैतपुर निवासी प्रवेश (40) पुत्र रुदल, सम्मनपुर थाना क्षेत्र के अलीपट्टी निवासी नैनकली (60) पत्नी हौसिला प्रसाद, अकबरपुर थाना क्षेत्र के शहजादपुर निवासी गीता (30) पत्नी दिलीप घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो