अम्बेडकर नगर

दो दिन से पुलिस बैठाए रही थाने पर, उधर दबंगों ने मकान को ध्वस्त कर लिया कब्जा

दो दिन से पुलिस बैठाए रही थाने पर, उधर दबंगों ने मकान को ध्वस्त कर लिया कब्जा

अम्बेडकर नगरApr 06, 2019 / 04:08 pm

Ruchi Sharma

दो दिन से पुलिस बैठाए रही थाने पर, उधर दबंगों ने मकान को ध्वस्त कर लिया कब्जा

अम्बेडकर नगर. टांडा के मुहल्ला हयातगंज हनुमान गढ़ी के पास शुक्रवार दिन में एक गरीब महिला के मकान के अगले भाग को धराशायी कर पिछले भाग में एक भाजपा नेता, उसके पुत्रों व गुर्गों ने कब्जा कर लिया। सीओ के के मिश्र के हस्तक्षेप पर कोतवाली पुलिस हरकत में आयी। तब तक भाजपा नेता कब्जा हो चुका था। घर के अन्दर महिलाएं डेरा जमा ली है और पीड़ित परिवार सड़क पर है। पीड़ित वृद्ध महिला ने आरोप लगाया है कि उसे और उसकी पुत्री को लोगों ने जमकर मारापीटा। पुलिस ने वृद्धा से सादे कागज पर अंगूठा लगवाकर मनमानी तहरीर लिखवाकर मारपीट, गाली व धमकी का मुकदमा भाजपा नेता व उसके दो पुत्रो के विरूद्ध दर्ज कर मामले की इतिश्री कर दिया है। जबकि पीड़ित महिला ने एक तहरीर पुलिस अधीक्षक को भेजी है, जिसमे दबंगो द्वारा उसके घर को ढहाए जाने और घर मे रखी नकदी लूट लिए जाने का आरोप लगाया है। साथ ही इस मामले में कोतवाली टांडा के प्रभारी निरीक्षक को भी आरोपी बनाया है। महिला का यह भी आरोप है कि स्थानीय पुलिस उसे दो दिन से थाने में बेवजह बैठा रखी थी।

भूमाफियाओं के आगे नतमस्तक है पुलिस


जिस तरह से टांडा शहर के सबसे व्यस्त इलाके हयतगंज क्षेत्र में दिनदहाड़े दबंगों घर को ढहा दिया, वह निश्चित ही हैरान करने वाला है, क्योंकि इस स्थल से हयात गंज पुलिस चौकी, कोतवाली और पुलिस बूथ सौ मीटर के दायरे में है। बावजूद इसके दबंग भूमाफियाओं ने एक मकान को ध्वस्त कर दिया। फूलादेवी वेवा वृजलाल का कहना है कि यह उसका पुश्तैनी मकान है। जिसमें बीते 80 वर्ष से वह अपने परिवार के साथ रह रही थी। इस बीच वृद्धा के पुत्र का निधन हो गया तो लोगों ने पुलिस से मिलकर मकान कब्जा करने की रणनीति बनायी, जिसमें भाजपा नगर कमेटी के कुछ मुख्य पदाधिकारी भी शामिल हैं। बताया जाता है कि उक्त मकान का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है और शुक्रवार को दिन में 11 बजे यकायक भाजपा नेता राम अचल गौड़, उनके लड़के व कुछ गुर्गे फावड़ा, बेलचा आदि लेकर पंहुचे और आगे का कच्चा मकान गिराकर धराशायी कर दिया। जब वृद्धा फूलादेवी मौके पर पहुंच कर अपनी पुत्री राजकुमारी के साथ विरोध किया तो दोनों के साथ मारामारी की गई।

दिखावे की कार्रवाई कर रही है पुलिस
पीड़ित महिला का आरोप है कि दो दिन थाने में बैठाए रखने के बाद पुलिस ने उससे सादे कागज पर अंगूठा लगवाकर छोड़ दिया और दूसरी तरफ दबंग कब्जा कर रहे थे। इसी सादे कागज का प्रयोग पुलिस ने NCR दर्ज करने किया और पुलिस ने इस मामले में भाजपा नेता व उनके पुत्रों को शांति भंग की आंशका में गिरफ्तार कर उपजिलाधिकारी न्यायालय चालान भेज दिया, जिसे बाद में बिना मजिस्ट्रेट के सामने लाये वापस भी कोतवाली ले गई। इस मामले में बाद में विपक्षियों की तरफ से भी मारपीट, धमकी और लूट की एक तहरीर वृद्ध महिला समेत दो अन्य लोगों के खिलाफ थाने में दी गई है, जिसमे भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष भी शामिल हैं। दिनदहाड़े सरेआम हुई इस घटना से सरकार की भी खूब किरकिरी हो रही है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.