अम्बेडकर नगर

प्रियंका के सक्रिय राजनीति में आने से यहां सपा, बसपा और भाजपा में मच गई है खलबली

प्रियंका के सक्रिय राजनीति में आने से यहां सपा, बसपा और भाजपा में मच गई है खलबली

अम्बेडकर नगरJan 24, 2019 / 05:28 pm

Ruchi Sharma

प्रियंका के सक्रिय राजनीति में आने इस पार्टी ने कर दिया बड़ा ऐलान, मचा हड़कंप

प्रदीप मौर्य
अम्बेडकर नगर. आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सभी भाजपा बसपा और सपा समेत सभी राजनीतिक पार्टियों ने जिस तरह से उत्तर प्रदेश में हासिये पर खड़ा कर दिया था, कांग्रेस के प्रियंका गांधी को राजनीति में उतारे जाने की घोषणा के बाद प्रदेश में अचानक राजनीतिक पारा चढ़ गया है। जहां कांग्रेस को पहले कोई चौथे पांचवे नंबर पर भी नहीं रखना चाहता था, वहीं अब प्रियंका गांधी को कांग्रेस का महासचिव बनाये जाने और उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव की कमान सौंपे जाने की घोषणा ने सपा, बसपा और भाजपा को हैरानी में डाल दिया है। साथ ही इन सभी पार्टियों की राजनीतिक गणित को भी बिगाड़ दिया है।

प्रियंका गांधी के राजनीति में आने की सूचना पर अम्बेडकर नगर लोकसभा में राजनीतिक भूचाल आने की संभावना प्रबल हो गई है। सपा और बसपा द्वारा कांग्रेस को गठबंधन में शामिल न किये जाने के बाद कांग्रेस प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्यासी उतारने की स्थिति में तो है ही, लेकिन कांग्रेस के अंदर से जो खबर आ रही है, उसे सुनकर अम्बेडकर नगर की लोकसभा सीट पर सपा बसपा और भाजपा तीनों के पैर के नीचे से जमीन खिसकती हुई दिखाई पड़ेगी, क्योंकि कांग्रेस यहां से किसी ऐसे चेहरे को उतारने की घोषणा कर सकती है, जिसके आने से इस लोकसभा क्षेत्र का राजनीतिक माहौल बदल जायेगा।
 

कांग्रेस के इन नामों पर शुरू हो गई है चर्चा

 

अम्बेडकर नगर लोकसभा क्षेत्र जो पूर्व में अकबरपुर सुरक्षित लोकसभा क्षेत्र के नाम से जाना जाता रहा है। यह लोकसभा क्षेत्र कांग्रेस के लिए अधिकांश चुनावों में बंजर ही साबित होती रही है। आखिरी बार यहां से कांग्रेस के टिकट पर राम पियारे सुमन चुनाव जीते थे, लेकिन उसके बाद कांग्रेस यहां सिर्फ हाथ पैर ही मारती रही। कांग्रेस ने अम्बेडकर नगर में अपनी पैठ मजबूत करने के लिए 2012 के विधानसभा चुनाव से पूर्व राहुल गांधी के हाथों जनसंदेश रथ यात्रा शुरू कराई थी, जिसमे यहीं से राहुल गांधी ने यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी, राहुल गांधी का वह कार्यक्रम काफी सुर्खियां बटोरी थी, लेकिन तब भी कोई करिश्मा नहीं दिखा पाई थी। अब आनेवाले लोकसभा चुनाव में जब कमान प्रियंका गांधी के हाथों में है ऐसे में यहां का चुनाव भी बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस के अंदर खाने से जो खबर निकल कर आ रही है, उसकी माने तो इस लोकसभा क्षेत्र से बाहर के दो नामों पर चर्चा पार्टी हाईकमान में चल रहा है, जिसमें पहला नाम उमेद निषाद और दूसरा नाम नदीम अशरफ जायसी का है। उमेद निषाद पूर्व सांसद दस्यु सुंदरी फूलन देवी के पति के रूप में अपनी पहचान रखते हैं और एकबार अम्बेडकर नगर से चुनाव लड़ भी चुके हैं। अगर बाहरी व्यक्तियों के अलावा किसी को कांग्रेस टिकट देती है तो उसमें जिन नामों की चर्चा हो रही है, उसमे कांग्रेस जिलाध्यक्ष सैयद मेराजुद्दीन, शिवशंकर और विजय शंकर तिवारी का नाम प्रमुख है।
सपा और बसपा के गढ़ के रूप में जाना जाता है यह लोकसभा क्षेत्र

पांच विधानसभा क्षेत्रों वाली इस लोकसभा क्षेत्र में चार विधानसभा क्षेत्र कटेहरी, अकबरपुर, जलालपुर और टांडा तो अम्बेड़कर नगर जिले में है और गोसाईगंज अयोध्या जिले का विधानसभा क्षेत्र भी इसमें शामिल है। अम्बेडकर नगर के 1995 में जिले के गठन के बाद से यहां बसपा का जबरदस्त प्रभाव रहा है, लेकिन जातीय समीकरण के आधार पर सपा भी यहां काफी मजबूत स्थिति में रही है। जहां बसपा अनुसूचित जातियों के साथ साथ, कुर्मी व अन्य कई पिछड़ी जातियों को अपने पाले में करने में कामयाब रही है, वही सपा का यादव और मुस्लिम गठबंधन भी यहां कई बार अपना वर्चस्व बना चुकी है, लेकिन इन सबके बावजूद 2014 के लोकसभा चुनाव में जहां मोदी लहर में भाजपा प्रत्यासी हरिओम पांडेय जबरदस्त जीत दर्ज कराए, वहीं विधानसभा चुनाव की टांडा और आलापुर विधानसभा सीट पर भाजपा जीत दर्ज कराने में कामयाब रही, जबकि इससे पहले इस जिले में कभी भी भाजपा लोकसभा नही जीत पाई थी। प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने के बाद अब सबसे ज्यादा मुसीबत सपा और बसपा खेमे में दिखाई पड़ रही है, क्योंकि प्रियंका गांधी का जो व्यक्तित्व है, वह किसी से छिपा नहीं है और अमेठी व रायबरेली में उनका राजनीतिक किरदार लोगों ने देखा है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.