scriptतेज रफ्तार मिनी ट्रक पलटा, शादी की पार्टी से लौट रहे 34 महिला-पुरुष व बच्चे घायल, 1 की हालत नाजुक | 34 people injured in mini truck overturned | Patrika News

तेज रफ्तार मिनी ट्रक पलटा, शादी की पार्टी से लौट रहे 34 महिला-पुरुष व बच्चे घायल, 1 की हालत नाजुक

locationअंबिकापुरPublished: May 05, 2019 08:03:45 pm

दुल्हन पक्ष के लोग लड़के घर शादी के बाद चौथी कार्यक्रम में खाना खाकर लौट रहे थे घर, ड्राइवर की लापरवाही से हुआ हादसा

Injured

Injured

अंबिकापुर/सलका. भटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बैजनाथपुर के पास शनिवार की रात मिनी ट्रक पलट जाने से 34 लोग घायल हो गए। सभी चौथी कार्यक्रम में शामिल होकर ग्राम परसिया से लौट रहे थे।

ट्रक में छोटे बच्चे भी सवार थे। एक दर्जन गंभीर घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें एक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज जेजे अस्पताल में चल रहा है।

सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलका अधिना निवासी धरमसाय की बेटी की शादी दो मई को हुई थी। शादी के बाद शनिवार को रिश्तेदार व गांव के 35 लोग मिनी ट्रक में सवार होकर चौथी कार्यक्रम में शामिल होने लड़के के घर ग्राम परसिया गए थे। वापस आने के दौरान रास्ते में बैजनाथपुर के एस मोड़ के पास ट्रक काफी तेज गति होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में सभी को चोटें आई। इनमें एक दर्जन लोगों को गंभीर चोट आने पर संजीवनी 108 से इलाज के लिए भैयाथान अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से सभी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। शेष लोगों को मामूली चोट आने पर स्थानीय अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

इनका चल रहा इलाज
परिजन ने सभी को रात 2 बजे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। 18 वर्षीय मोतीलाल को गंभीर हालत में जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों में 40 वर्षीय बसंत लाल, 12 वर्षीय महेश, 12 वर्षीय घरकरण, 30 वर्षीय कृष्णा, 28 वर्षीय पुरन, 8 वर्षीय रोहित, 30 वर्षीय महेन्द्र, 45 वर्षीय नेहरू का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।

चालक की लापरवाही से हुआ हादसा
घायलों ने बताया कि वापस आने के दौरान मिनी ट्रक का चालक काफी तेज गति से वाहन चला रहा था। इस कारण बैजनाथपुर के एस मोड़ के पास वाहन पर नियंत्रण खो दिया और ट्रक पलट गया। दुर्घटना के बाद चालक वहां से फरार हो गया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो