scriptबाजार घूमने निकलीं कोरवा आश्रम की 5 छात्राएं गायब, सियाबली ने रातभर घर में दी पनाह | Ambikapur news- 5 schoolgirls missing from Korva Ashram | Patrika News

बाजार घूमने निकलीं कोरवा आश्रम की 5 छात्राएं गायब, सियाबली ने रातभर घर में दी पनाह

locationअंबिकापुरPublished: Nov 27, 2017 05:28:56 pm

पहाड़ी कोरवा कन्या शिक्षा परिसर से रविवार की शाम निकली थीं छात्राएं, सुबह ग्रामीण के घर से निकलकर कहां गईं किसी को नहीं पता

Korva hostel Balrampur

Korva hostel Balrampur

अंबिकापुर. बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बलरामपुर स्थित पहाड़ी कोरवा कन्या शिक्षा परिसर से रविवार की शाम 5 छात्राएं बाजार घूमने निकली थीं। वे आश्रम में रातभर नहीं लौटीं। उनकी जब खोज-खबर ली गई तो हॉस्टल प्रबंधन के होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि छात्राओं को ग्राम खुंटहनपारा के सियाबली नामक ग्रामीण द्वारा रातभर अपने घर में पनाह दी गई थी।
सुबह सभी छात्राएं वहां से चली गईं थी। सियाबली के घर से निकलने के बाद छात्राएं कहां गईं हैं यह कोई भी नहीं बता पा रहा है। एक साथ 5 छात्राओं के गायब होने से जहां क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है वहीं अधिकारी भी कुछ बताने से परहेज कर रहे हैं।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बलरामपुर खुंटहनपारा में पहाड़ी कोरवा कन्या शिक्षा परिसर संचालित हैं। रविवार को छुट्टी होने के कारण शाम करीब 4 बजे आश्रम से 9वीं-10वीं की 5 छात्राएं बाजार घूमने निकली थीं। इसके बाद वे आश्रम नहीं लौटी थीं। बताया जा रहा है कि ग्राम खुंटहनपारा के ग्रामीण सियाबली ने देर शाम छात्राओं को आश्रम से करीब 200 मीटर दूर स्थित एक घर में देखा। उसने छात्राओं से पूछताछ की और अपने घर ले गया।
उसने छात्राओं को खाना खिलाने के बाद रातभर घर पर ही रखा। ग्रामीण सियाबली का कहना है कि सुबह होते ही छात्राएं उसके घर से चली गई थीं। छात्राएं कहां गईं हैं उसे यह नहीं मालूम है। इधर एक साथ 5 छात्राओं के आश्रम से गायब होने से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
आश्रम प्रबंधन भी इस मामले में कुछ कहने को तैयार नहीं है। छात्राओं के गायब होने की जानकारी लगते ही उनके परिजन भी सोमवार को बलरामपुर पहुंचे थे। इधर विभाग द्वारा छात्राओं की खोजबीन जारी है।

जिले में पहले भी हो चुकी हैं भागने की घटना
गौरतलब है कि 4 महीने पूर्व भी बलरामपुर जिले के एक बालक आश्रम से छात्रों के भागने की घटना सामने आ चुकी है। इसमें हॉस्टल अधीक्षक द्वारा शराब के नशे में छात्रों से मारपीट तक की जाती थी। इस मामले की जानकारी जब आला अधिकारियों को लगी तो उन्होंने हॉस्टल अधीक्षक व प्यून को तत्काल निलंबित कर दिया था।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो