scriptBig Breaking : समाजवादी पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष निकला कुख्यात माओवादी, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की पार्टी से भी लड़ चुका है चुनाव- देखें Video | Jharkhand's Samajwadi Party's state president turned out maoist | Patrika News

Big Breaking : समाजवादी पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष निकला कुख्यात माओवादी, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की पार्टी से भी लड़ चुका है चुनाव- देखें Video

locationअंबिकापुरPublished: Feb 15, 2019 08:25:20 pm

15 साल से झारखंड के माओवादी संगठनों में सक्रिय सदस्य के रूप में कर रहा था काम, कई वारदातों में रहा है शामिल

Maoist Ranjay Yadav

Maoist Ranjan Yadav

अंबिकापुर. बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सामरी पाठ के राजेंद्रपुर बाक्साइट माइंस व चांदो थाना क्षेत्र के चटनिया से सबाग रोड निर्माण में लगे वाहनों में हुई आगजनी की घटना का मास्टर माइंड झारखंड के समाजवादी पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष केश्वर यादव उर्फ रंजन यादव निकला। पुलिस टीम ने इसे झारखंड से गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है।
आरोपी कुख्यात माओवादी है तथा झारखंड व बलरामपुर जिले में पिछले 15 वर्ष में कई माओवादी वारदातों में शामिल रहा है। वह बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव की पार्टी से भी विधानसभा चुनाव लड़ चुका है।
गौरतलब है कि 3 जनवरी को सामरीपाठ थाना अंतर्गत राजेंद्रपुर बाक्साइट माइंस व 25 जनवरी को चांदो थाना क्षेत्र के चटनिया से सबाग सड़क निर्माण में लगे वाहनों को हथियारबंद बदमाशों ने आग के हवाले कर दिया था।
इस मामले में पुलिस ने पीएलएफआई माओवादी संगठन के सामरीपाठ के ग्राम सबाग निवासी 25 वर्षीय बालेश्वर पिता रामप्रसाद यादव, झारखंड के लातेहार जिला अंतर्गत ग्राम बहराटांड़ धरमपुर निवासी 38 वर्षीय चितामन यादव उर्फ चेतन पिता दशरथ यादव, लातेहार जिला के ग्राम पनेला निवासी 40 वर्षीय गुड्डू तिग्गा उर्फ लालदेव उरांव पिता लसन उरांव,
पलामू जिला के ग्राम केवटबार निवासी 27 वर्षीय सतीश यादव पिता भोला यादव व लातेहार जिला के ग्राम मेहुरवा निवासी 18 वर्षीय संतोष यादव पिता भोला यादव को गिरफ्तार किया था। इनके पास से 4 नग कट्टा, 19 नग जिंदा कारतूस, 5 जोड़ी वर्दी बरामद किया गया था।
Maoist vehicle
अब संगठन के मास्टरमाइंड झारखंड के पांकी थाना अंतर्गत ग्राम कसमार निवासी व वर्तमान में चायबगान रांची में रहने वाले 52 वर्षीय केश्वर यादव उर्फ रंजन यादव पिता स्व. गोहेल यादव को भी पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल दाखिल कर दिया। आरोपी कुख्यात माओवादी है, वह 2004 में भाकपा (माओवादी) संगठन में शामिल हुआ था।
इसी के बाद से वह लगातार झारखंड में नक्सल मुठभेड़ सहित बलरामपुर जिले में भी १५ वर्ष के अंदर हुई वारदातों में शामिल रहा।


झारखंड में विधानसभा व लोकसभा का चुनाव भी लड़ा
पुलिस ने बताया कि आरोपी रंजन यादव को नक्सल मामले में वर्ष 2006 में रांची जेल से लातेहार जेल भेजा गया था। उसने जेल में रहते हुए भाकपा (माले) पार्टी से लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गया। फिर वर्ष 2009 दिसंबर में लालू प्रसाद यादव की राष्ट्रीय जनता दल पार्टी से पांकी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था लेकिन हार गया।
फिर वह वर्ष 2012 में लातेहार जेल से बाहर निकला और वर्ष 2012 से 2014 तक राष्ट्रीय जनता दल के सचिव के रूप में काम कर रहा था। 2014 में टिकट नहीं मिलने पर उसने समाजवादी पार्टी से संपर्क कर सपा की टिकट से चतरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा, जिसमें हार गया। इसके एक माह बाद उसे समाजवादी पार्टी द्वारा झारखंड का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया था।

कई संगीन वारदातों में रहा शामिल
पुलिस ने बताया कि आरोपी वर्ष 2004 से अभी तक झारखंड व बलरामपुर जिले में कई माओवादी वारदातों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ बलरामपुर जिले में माओवादी घटना से जुड़े 21 अपराध दर्ज हैं। इनमें पुलिस-नक्सलियों की मुठभेड़, हत्या, आगजनी, मारपीट, अपहरण, लूट जैसी वारदातें शामिल हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो