scriptभाजपाई बोले- कोरोना काल में आम आदमी नियम तोड़े तो तुरंत एफआईआर, मंत्री के उल्लंघन पर कार्रवाई क्यों नहीं | Food Minister birthday: BJP Accuses CG Minister Of Organising Birthday | Patrika News

भाजपाई बोले- कोरोना काल में आम आदमी नियम तोड़े तो तुरंत एफआईआर, मंत्री के उल्लंघन पर कार्रवाई क्यों नहीं

locationअंबिकापुरPublished: Jun 27, 2020 05:42:15 pm

Food Minister Birthday: मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पूरे होने पर भाजपा ने जनसंवाद रैली में खाद्य मंत्री अमरजीत भगत पर साधा निशाना

भाजपाई बोले- कोरोना काल में आम आदमी नियम तोड़े तो तुरंत एफआईआर, मंत्री के उल्लंघन पर कार्रवाई क्यों नहीं

BJP leader Anurag Singhdev

अंबिकापुर. केन्द्र की मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अम्बिकापुर विधानसभा स्तरीय जनसंवाद वर्चुअल रैली का आयोजन 25 जून को भाजपा प्रदेश मंत्री अनुराग सिंह देव के मुख्य आतिथ्य व भाजपा जिला अध्यक्ष अखिलेश सोनी के विशिष्ट आतिथ्य में भाजपा सरगुजा ने किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री अनुराग सिंह देव ने छत्तीसगढ़ सरकार पर हमला करते हुए कहा कि कोरोना काल में आम आदमी नियम तोड़ता है तो उस पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर दी जाती है लेकिन यदि मंत्री नियम का उल्लंघन करें तो उन पर कार्रवाई नहीं होती। (Food Minister birthday)

भाजपा प्रदेश मंत्री अनुराग सिंहदेव ने कहा कि आज ही के दिन 1975 में देश में आपातकाल लगाकर जनसंघ और आरएसएस के लोगों को किस प्रकार यातनाएं दी गईं और उनपर अत्याचार किए गए यह किसी से छिपा नहीं है। भाजपा के वर्तमान जिला प्रभारी, जनसंघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता सच्चिदानंद उपासने सहित उनके दोनों भाइयों को 19 महीने के लिए कांग्रेस सरकार ने जेल में डाल दिया था।
जनता के मौलिक अधिकारों को सरकार ने अधिग्रहित कर लिया था। 3500 प्रेस मीडिया पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। पूरे देश भर में संघर्ष हुआ और 1975 के आपातकाल से जनसंघ और आरएसएस ने आजादी दिलाई।
उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार पर हमला करते हुए कहा कि कोरोना की इस महामारी में प्रदेश सरकार ने कई नियम बनाये हैं और उन्हीं नियमों की धज्जियां उडाते हुए प्रदेश सरकार के खाद्य मंत्री रेड जोन के अंदर सोशल डिस्टेंसिंग का मजाक बनाते हुए अपने जन्मदिन का उत्सव मना रहे हैं। (Food Minister birthday)
आश्चर्य की बात ये रही कि इस उत्सव में कांग्रेस के नेताओं के साथ जिले का प्रशासनिक अमला भी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए देखे गया, कोरोना काल में नियम सबके लिए बराबर हैं यदि कोई आम आदमी नियम तोड़ता है तो उसके उपर तुरंत एफ आईआर कर दी जाती है और मंत्री के नियम के उल्लंघन पर अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है।
मैं महामारी अधिनियम के तहत पूरे मामलों में दोषियों के उपर मुकदमा दर्ज करने की मांग करता हूं, मुख्यमंत्री इस घटना का संज्ञान लें तथा कार्यवाही करें। वर्चुअल रैली को भाजपा अंबिकापुर मंडल अध्यक्ष विद्यानंद मिश्रा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो जिला महामंत्री संजय सोनी ने किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष लेखराज अग्रवाल, अंबिकेश केशरी, विनोद हर्ष, तजिंदर बग्गा, मनोज गुप्ता, रिंकू सिंह, शैलू सिंह, सहित अन्य कार्यकर्ता ऑनलाइन उपस्थित थे।


स्थानीय विधायक व स्वास्थ्य मंत्री पर भी साधा निशाना
अनुराग सिंहदेव ने स्थानीय विधायक व प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके गृह जिले सरगुजा के एक गांव में महिला को प्रसव पीड़ा हुई उसे किसी तरह झेलगी में ढो कर रोड तक लाया गया तथा बहुत मुश्किल से एम्बुलेंस मिली लेकिन महिला अस्पताल तक नहीं पहुंच पाई और बच्चा हो गया। जब ये सूरतेहाल स्वास्थ्य मंत्री के क्षेत्र का है तो पूरे प्रदेश के स्वास्थ्य व्यवस्था का हाल क्या होगा यह सोंचने वाली बात है।

घर-घर जाकर बताएंगे उपलब्धियां
भाजपा जिला अध्यक्ष अखिलेश सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर सरकार की उपलब्धियों को भाजपा के कार्यकर्ता घर घर जाकर बताएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश का गौरव बढ़ाया है इस कोविड़ की महामारी में पूरा विश्व आज भारत की ओर देख रहा है।
आज डब्ल्यूएचओ का नेतृत्व देश के स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन कर रहे है। भारत यूएनओ में सुरक्षा परिषद के अस्थायी सदस्य के रूप में 8 वीं बार चुना गया है। उन्होंने प्रदेश सरकार की नाकामियां गिनाते हुए कहा कि जनता से झूठ बोलकर कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में सरकार बनाई है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो