होटल एबीलॉन-इन में विकास यात्रा के प्रदेश प्रभारी राजेश मूणत ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह विकास रथ लेकर अंबिकापुर में प्रवेश करेंगे। इस दौरान उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रहेंगे। विकास रथ में राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री के साथ पूरा मंत्रीमंडल व प्रदेश संगठन के सभी प्रमुख नेतागण सवार रहेंगे।
सीएम १२ मई को बस्तर के मां दंतेश्वरी मंदिर से विकास रथ लेकर रवाना हुए थे। वे 7 हजार किमी और 55 विधानसभा के लाखों लोगों से मुलाकात करते हुए रविवार को अंबिकापुर में पहुंचेंगे। शहर के लोगों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह व जोश है।
भाजयुमो के 30 हजार कार्यकर्ता बाइक रैली लेकर पहुंचेंगे, जो शहर के चारों ओर नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष में व्यक्तिमूलक विकास पूरे प्रदेश में किया गया है। इसकी वजह से सभी विधानसभा में लोगों ने मुख्यमंत्री का जिस तरह से स्वागत किया है उससे भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास अभी भी बरकरार है।
उन्होंने कहा कि भाजपा फिर से मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में चौथी बार सरकार बना रही है, इसका हमे पूरा विश्वास है। विकास यात्रा के दौरान सीएम करोड़ों रुपए के कामों का लोकार्पण करेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम है विरोध करना और कहना। पे्रसवार्ता में मूणत के साथ विकास यात्रा के सह प्रभारी रामप्रताप सिंह, संभागीय प्रभारी अनुराग सिंहदेव, भाजपा प्रदेश महामंत्री संतोष पाण्डेय, सुभाष राव, अनिल सिंह मेजर व भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश सोनी उपस्थित थे।
फिर बनेगी भाजपा की सरकार
मूणत ने नागरिकों को हो रही परेशानी पर कहा कि रथ की ऊंचाई 22 फीट है। इसकी वजह से विद्युत तार शिफ्ंिटग का काम किया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष का रात्रि विश्राम भी यहीं है। इस दौरान वे स्टेट कोर ग्रुप का बैठक लेंगे।
अभी भाजपा कार्यालय व होटल दोनों का चयन किया गया है। लेकिन इसका अंतिम निर्णय एसपीजी व एनएसजी द्वारा सुरक्षा के दृष्टिकोण से तय किया जाएगा। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और एक बार फिर से सरगुजा से ही सूर्योदय होगा।