अमरीका

अमरीका में जासूसी के आरोप में रूसी महिला मारिया बुटिना गिरफ्तार

अमरीका ने जासूसी के आरोप में एक रूसी महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह 2015 से रूस के लिए जासूसी कर रही थी।

Jul 17, 2018 / 10:05 am

mangal yadav

अमरीका में जासूसी के आरोप में रूसी महिला गिरफ्तार

वाशिंगटन। अमरीका में रूस की एक महिला को जासूसी के लिए गिरफ्तार किया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मारिया बुटिना को रविवार को हिरासत में लिया गया। मारिया पर रूस सरकार के लिए जासूसी करने का आरोप लगा है। मारिया (29) वॉशिंगटन में रहती हैं और अब संघीय अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा, जहां उन पर आधिकारिक तौर पर आरोप लगाए जाएंगे। वह बुधवार को अगली सुनवाई तक बिना किसी बॉन्ड के जेल में ही रहेंगी। मारिया ने 2015 से फरवरी 2017 तक रूस के सेंट्रल बैंक के लिए काम किया था, जिस पर अमरीकी वित्त विभाग ने अप्रैल में प्रतिबंध लगाया था।

मारिया पर लगे ये आरोप
अदालती दस्तावेजों के आधार पर सरकार का कहना है कि मारिया अमरीका में रूस की एजेंट के तौर पर काम कर रही थी। उसने अमरीकी राजनीतिक दलों और कंपनियों में पैठ बना ली थी और वह रूस के हित के लिए काम कर रही थी। मारिया को रूस के हितों को बढ़ाने के लिए अमरीकी राजनीति में प्रभाव रखने वाले अमरीकियों से निजी संबंधों को इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए थे। मारिया पर लगे आरोपों के मुताबिक, उन्होंने इस बारे में अमरीकी प्रशासन को कोई जानकारी नहीं दी थी जो अमरीकी कानून के तहत अपराध है और इसके लिए पांच साल कैद तक की सजा हो सकती है।

ये भी पढ़ेंः 58 वर्षीय बुजुर्ग ने हिला दी अमरीका की साख,जासूसी के आरोप में गिरफ्तार

पहले भी गिरफ्तार हो चुके हैं रूसी जासूस
अमरीका में रूस के लिए जासूसी करने के आरोप में इससे पहले भी कई रूसी जासूस गिरफ्तार हो चुके हैं। जून 2010 में अमरीका ने जासूसी करने के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया था। ये गिरफ्तारी न्यू जर्सी, न्यूयार्क, अलेक्जेंड्रिया, वर्जीनिया, बोस्टन एवं कुछ अन्य स्थानों से की गई थी। इन पर आरोप था कि ये लोग बीते 20 वर्षो से रूस के लिए जासूसी कर रहे थे।

Hindi News / world / America / अमरीका में जासूसी के आरोप में रूसी महिला मारिया बुटिना गिरफ्तार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.