scriptअमेठी में राहुल गांधी का विरोध, लगे कांग्रेस अध्यक्ष वापस जाओ के नारे, देखें वीडियो | bJP protest against rahul gandhi in amethi | Patrika News

अमेठी में राहुल गांधी का विरोध, लगे कांग्रेस अध्यक्ष वापस जाओ के नारे, देखें वीडियो

locationअमेठीPublished: Sep 25, 2018 02:25:18 pm

Submitted by:

Hariom Dwivedi

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अमेठी दौरे के दूसरे दिन भाजपाइयों के विरोध का सामना करना पड़ा…

bJP protest against

अमेठी में राहुल गांधी का विरोध, पुलिस को फटकारनी पड़ी लाठियां, देखें वीडियो

अमेठी. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अमेठी दौरे के दूसरे दिन भाजपाइयों के विरोध का सामना करना पड़ा। राफेल मामले पर प्रधानमंत्री को चोर कहने वाले बयान पर गौरीगंज कलेक्ट्रेट जाने से पहले भाजपा तथा कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर नारेबाजी हुई। पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थित को नियंत्रण में किया और राहुल गांधी को सुरक्षा घेरे में लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचाया।
मुसाफिरखाना के वन विभाग के गेस्ट हाउस में जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ भेंट कर जब राहुल गांधी गौरीगंज कलेक्ट्रेट के लिए निकले। वहां कांग्रेस के एमएलसी दीपक सिंह पहले से मौजूद थे। कलेक्ट्रेट परिसर में भाजपाइयों को देख वह भड़क उठे और उन्हें हटाने की जिद पर अड़ गए। मौके पर मौजूद पुलिस टीम की दीपक सिंह से बहस भी हुई। भाजपा कार्यकर्ता बहस करने लगे और यही बहस भिड़ंत में बदल गई। मामला बढ़ता देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और लाठी फटकार कर दोनों को अलग किया। यह बवाल राहुल गांधी के कलेक्ट्रेट पहुंचने से पहले हुआ।
राहुल का काफिला देखकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी मुर्दाबाद व राहुल गांधी चोर है के नारे भी लगाये। मौके पर माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी व भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने लाठी फटकार कर खदेड़ा। पुलिस ने राहुल गांधी के कलेक्ट्रेट पहुंचने पर वहां ट्राली बैरियर लगाकर भाजपा कार्यकर्ताओं को रोक लिया। इससे पहले कलेक्ट्रेट मोड़ पर पुलिस को भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हटाने के लिये पुलिस व प्रशासन को मशक्कत करनी पड़ी। मोड़ पर एक ओर जहां भाजपा कार्यकर्ता राहुल वापस जाओ के नारे लगाते रहे, वहीं कांग्रेसी मोदी चोर है के नारे लगा रहे थे।
राहुल गांधी ने पीएम पर कही थी ये बात
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दो दिवसीय अमेठी दौरे पर हैं। पहले दिन उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि 2014 के चुनाव में मोदी कहते थे कि वह चौकीदार बनना चाहते हैं, लेकिन देश का चौकीदार चोरी कर गया। राहुल गांधी ने कहा था कि मोदी जी फ्रांस जाते हैं और अनिल अंबानी की कंपनी को करोड़ों का ठेका दिला देते हैं। देश जानना चाहता है कि चौकीदार ने क्या किया? चौकीदार से जब राफेल घोटाले पर पूछा गया तो वह चौंक गया। चौकीदार चुप है। आवाज नहीं निकल रही। राफेल पर भाषण नहीं दे पा रहे। देश समझना चाहता है कि देश के चौकीदार ने क्या किया है? जेपीसी बनाकर जांच करा लीजिए, सारी सच्चाई बाहर आ जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी लंबे-लंबे भाषण देते हैं राफेल और अनिल अंबानी पर कुछ नहीं कहते। फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ने मोदी जी को ‘चोर’ कहा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो