अमेठी

कांग्रेस ने लगाया स्मृति ईरानी पर गुजरात की ब्लैक लिस्टिग संस्था में सांसद निधि का दुरुपयोग करने का आरोप

कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को कई मुद्दों पर घेरा है

अमेठीApr 03, 2019 / 06:08 pm

Karishma Lalwani

अमेठी. कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को कई मुद्दों पर घेरा है। कांग्रेस पार्टी के एमएलसी दीपक सिंह ने उत्थान सेवा संस्थान के विषय में कहा कि स्मृति ईरानी ने अपने सांसद निधि से गुजरात के एक ऐसे संस्था को काम दिया था, जो ब्लैक लिस्टेड हो गई थी। उसके बाद उन्होंने दूसरी संस्था को काम दिया, जो कि मंडली नामक संस्था थी। उस संस्था को काम देने से भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे और सांसद निधि नियमावली का भी उल्लंघन माना गया था। इस कारण से सीएजी ने स्मृति ईरानी पर सवाल खड़े किए।
संस्था पर उठाए सवाल

दीपक सिंह ने कहा कि अमेठी में स्मृति ईरानी एक उत्थान सेवा संस्थान नामक संस्था लेकर आईं। उनके यहां से चुनाव लड़ने के बाद संस्था स्थापित हुई। यह संस्था गाजियाबाद से रजिस्टर्ड है लेकिन संस्था का गाजियाबाद में अंडर 10 या अंडर 100 की सूची में नाम नहीं है। तब भी इस संस्था को स्मृति ईरानी के प्रयास से कई करोड़ रुपए का अनुदान दिया गया। जबकि यह संस्था न 12 ए है और न ही 80 जी है और न ही संस्था का बैलेंस शीट है। संस्था की वेबसाइट पर पूरी जानकारी भी नहीं है। संस्था ने अपनी वेबसाइट पर दिया है कि यह 1860 एक कंपनी है जबकि कंपनी एक्ट उस समय बना ही नहीं थी।
अमेठी से छीन ले गईं विकास की योजनाएं

दीपक सिंह ने स्मृति ईरानी पर अमेठी से विकास छीनने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी जितनी बार अमेठी आईं उतनी बार विकास की योजनाएं छीन कर ले गईं। दीपक सिंह ने स्मृति पर संस्था के माध्यम से भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है और कहा कि उन्हें अमेठी आकर इसका जवाब देना पड़ेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह किसी सोनम नाम की संस्था है। सोनम नाम नोटबंदी के दौरान खूब चर्चा में रहा।

Hindi News / Amethi / कांग्रेस ने लगाया स्मृति ईरानी पर गुजरात की ब्लैक लिस्टिग संस्था में सांसद निधि का दुरुपयोग करने का आरोप

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.