अहमदाबाद

Gujarat: अब 12वीं विज्ञान संकाय में ए, बी या फिर एबी ग्रुप ले सकेंगे 11वीं साइंस पास विद्यार्थी

शिक्षा विभाग ने जीएसईबी के नियमों में किया संशोधन, बी ग्रुप से 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी गणित विषय के साथ दे सकेंगे पूरक परीक्षा, फरवरी 2025 से ही अमल, अधिसूचना जारी

2 min read

गुजरात सरकार ने 12वीं विज्ञान संकाय की बोर्ड परीक्षा के नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय किया है। इसके तहत अब 11वीं विज्ञान संकाय का विद्यार्थी 12वीं कक्षा में ए, बी या फिर एबी ग्रुप में से कोई भी पसंदीदा ग्रुप पसंद कर सकेगा। उसकी पढ़ाई कर सकेगा और परीक्षा दे सकेगा। इसमें अब बोर्ड परीक्षा के नियम आड़े नहीं आएंगे।

ऐसा इसलिए है क्योंकि गुजरात सरकार के शिक्षा विभाग ने गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक परीक्षा नियम 2005 के नियम 30 और 31 में नए नियम जोड़ते हुए और पुराने नियमों में संशोधन किया है। राज्यपाल से इसकी मंजूरी मिलने के बाद मंगलवार को इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी है।

गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (जीएसईबी) के उपाध्यक्ष ने मंगलवार को राज्य के सभी विज्ञान संकाय के उच्चतर माध्यमिक स्कूलों के प्राचार्य, डीईओ को नए नियमों का परिपत्र जारी किया है।

परीक्षा नियम में 30 (3) का नया प्रावधान किया है, जिसके तहत 12वीं बोर्ड की मुख्य परीक्षा विज्ञान संकाय के बी ग्रुप (जीव विज्ञान विषय) के साथ उत्तीर्ण करने वाला विद्यार्थी यदि उसी साल पूरक परीक्षा में गणित विषय की परीक्षा देना चाहता है, तो वह दे सकता है। इसके लिए उसे पृथ्थक विद्यार्थी के रूप में पंजीकरण कराना होगा। इतना ही नहीं उसके बाद के सालों में वह 12वीं बोर्ड की मुख्य परीक्षा या पूरक परीक्षा पृथ्थक विद्यार्थी के रूप में गणित विषय के साथ दे सकेगा।

रिपीटर छात्र भी बदल सकेंगे ग्रुप

बोर्ड परीक्षा के नियम 31 (4) में प्रावधान किया है कि 12वीं विज्ञान संकाय की बोर्ड परीक्षा में रिपीटर (पुन: परीक्षार्थी) के रूप में पंजीकृत विद्यार्थी अपने विषय समूह की मर्यादा में विषय को बदल सकेंगे। 12वीं विज्ञान संकाय में बी ग्रुप में फेल विद्यार्थी रिपीटर छात्र के रूप में ग्रुप बी के बदले ग्रुप ए या फिर चाहे तो ग्रुप एबी पसंद करके बोर्ड परीक्षा दे सकेगा।

11वीं में दूसरे सत्र के अंत तक बदला जा सकेगा ग्रुप

नियम 31 (5) (1)के तहत 11वीं विज्ञान संकाय का विद्यार्थी प्रथम सत्र के अंत तक अथवा द्वितीय सत्र के अंत तक ग्रुप ए या ग्रुप बी या फिर ग्रुप एबी में से किसी भी ग्रुप को बदलकर 11वीं की पढ़ाई कर सकेगा। नियम 31(5) (2) के तहत यदि विद्यार्थी 11वीं विज्ञान संकाय में ग्रुप ए या फिर ग्रुप बी या ग्रुप एबी के साथ उत्तीर्ण करता है और वह 12वीं कक्षा में अपना ग्रुप बदलना चाहता है , तो वह अपने मनचाहे ग्रुप को पसंद करके पढ़ाई कर सकता है।

छह जनवरी तक बोर्ड कार्यालय में दे सकेंगे आवेदन

जीएसईबी के तहत इन नए प्रावधानों का अमल फरवरी 2025 से ही हो रहा है। ऐसे में जो विद्यार्थी इन नए नियमों का लाभ लेना चाहते हैं वे छह जनवरी 2025 तक अपने ग्रुप में बदलाव करके स्कूल के लेटरहेड और जरूरी प्रमाण पत्रों के साथ जीएसईबी के कार्यालय में जमा करा सकते हैं।

Published on:
24 Dec 2024 10:46 pm
Also Read
View All

अगली खबर