अजमेर के देहली गेट पर खानाबदोश युवक ने मलंगा पर चाकू से किया हमला,सीसीटीवी में कैप्चर हुई कत्ल की वारदात, पुलिस ने एक घंटे के भीतर आरोपी को धर-दबोचा
Ajmer अजमेर. इंसान की सहनशक्ति इतनी कमजोर हो गई है कि वह आवेश में जुर्म करना भी नहीं छोड़ता। भले ही बाद में उसे जेल में रहना पड़े। देहली गेट पर दिनदहाड़े हुई मलंग की हत्या की वारदात इसी का एक उदाहरण है। घटना सीसीटीवी फुटेज में कैप्चर हो गई। मृतक मलंग और उसका साथी खानाबदोश के साथ पहले देहलीगेट की तरफ जाते नजर आए, लेकिन कुछ देर बात दोनों तेज कदमों से लौटते हुए दिखे। तभी किसी बात को लेकर बोरा लेकर चल रहे खानाबदोश ने मलंग पर धारदार हथियार से दो वार कर दिए। वारदात के बाद आरोपी उसे मौके पर ही पड़ा छोडक़र फरार हो गया, जबकि जख्मी मलंग बाबा निढाल हो गया। सीसीटीवी फुटेज आने के एक घंटे के बाद ही पुलिस ने आरोपी को दबोचने में कामयाबी हासिल कर ली।
अपशब्द गुजरे नागवार
थानाप्रभारी धर्मवीरसिंह ने बताया कि हत्या के आरोपी यूपी कानपुर संजय नगर निवासी मोहम्मद सलीम उर्फ सन्नी दो साल से अजमेर में खानाबदोश जिन्दगी बसर कर रहा है। साथी कथित मलंग जाकिर हुसैन आए दिन उसके साथ गाली-गलौच करता था। शनिवार सुबह भी जाकिर ने उसको अपशब्द कह दिए। अपशब्द मोहम्मद सलीम को नागवार गुजरे। उसने कट्टे में मौजूद चाकू निकालते हुए जाकिर के गले पर वार कर दिया। पहला वार बच गया लेकिन धारदार हथियार के दूसरे वार में जाकिर हुसैन के गले की नस कट गई।
अधिक खून बहने से तोड़ा दम !
वारदात के वक्त रिमझिम बारिश हो रही थी,जिससे मलंग जाकिर हुसैन के लहूलुहान सडक़ पर गिरने पर बरसाती पानी के साथ खून बह निकला। हालांकि उसे अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने बैरिकेड और तिरपाल लगाकर घटनास्थल को बचाने का प्रयास किया। बताते है कि गले की नस कटने से अधिक खून बह गया। इससे मलंग ने दम तोड़ दिया।
मुम्बई में जा चुका है जेल
पुलिस की गिरफ्त में आया खानाबदोश मोहम्मद सलीम उर्फ सन्नी इससे पहले महाराष्ट्र मुम्बई में फुटपाथ पर जिन्दगी बसर करता था। वह २ साल पहले अजमेर आया। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि मुम्बई में वह चोरी के आरोप में जेल जा चुका है। मामले में जेल से छूटने के बाद वह अजमेर आ गया। तब से यहीं कचरा बीनकर जीवन बसर कर रहा है।