बस्सी

देवनारायण आवासीय विद्यालय जल्द होगा शुरू, मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल लोकार्पण

27.63 करोड़ की लागत से बना है बहुमंजिला विद्यालय व छात्रावास भवन   -क्षेत्र की बालिकाओं को मिलेगा लाभ

2 min read
Nov 15, 2021
देवनारायण आवासीय विद्यालय जल्द होगा शुरू, मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल लोकार्पण


शाहपुरा।

सरकार की देवनारायण योजना के तहत शाहपुरा तहसील की देवीपुरा पंचायत के पीपलोद गांव में 27.63 करोड़ की लागत से नवनिर्मित देवनारायण आवासीय विद्यालय का मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण करने से अब विद्यालय के शीघ्र ही चालू होने की उम्मीद जागी है। आवासीय विद्यालय का संचालन होने के बाद क्षेत्र की बालिकाओं को लाभ मिलेगा।


मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार शाम को वर्चुअल माध्यम से पीपलोद गांव में नवनिर्मित देवनारायण बालिका आवासीय विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री राजेंद्र यादव के आतिथ्य एवं विधायक आलोक बेनीवाल की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में देवनारायण आवासीय बालिका विद्यालय खुलना बड़ी बात है। देवनारायण आवासीय बालिका का विशेषकर एमबीसी वर्ग की बालिकाओं को लाभ मिलेगा। एमबीसी वर्ग की बालिकाओं को इसका लाभ उठाना चाहिए।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री राजेंद्र यादव ने कहा कि बालिका शिक्षा को बढावा देने के लिए शाहपुरा में देवनारायण बालिका आवासीय विद्यालय खोला गया है। बेटियों को इसका लाभ मिलेगा। इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वर्चुअल माध्यम से 2762.39 लाख की लागत से निर्मित देवनारायण आवासीय बालिका स्कूल व छात्रावास का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में पंचायत समिति की प्रधान मंजू देवी शर्मा, उप प्रधान जेपी मान, शाहपुरा चेयरमैन बंशीधर सैनी, पीपलोद ग्राम पंचायत सरपंच राजेंद्र कुमार बुनकर, देवीपुरा सरपंच मदनसिंह शेखावत, रामगोपाल रावत, समाजसेवी सुभाष पोसवाल, मोहनलाल गुर्जर, नगरपालिका वाइस चेयरमैन राजेंद्र सारण, पार्षद इंद्राज पलसानिया, राजेन्द्र सराधना, हेमपाल सराधना, छगन कुमावत, सानिवि के एईएन जितेंद्र मीणा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

विद्यालय संचालन में देरी को लेकर पत्रिका ने उठाया था मुद्दा

उल्लेखनीय है कि सरकार की देव नारायण योजना के तहत शाहपुरा के पीपलोद गांव में 27.63 करोड़ की लागत से नवनिर्मित देवनारायण आवासीय विद्यालय व छात्रावास भवन का निर्माण होने के बाद भी संचालन में देरी हो रही है।

इसको लेकर राजस्थान पत्रिका ने 17 अक्टूबर के अंक में कोरोना ब्रेक के बाद अब जिम्मेदारों की देरी शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। खबर में बताया गया कि पहले कोरोना के चलते भवन निर्माण में एक वर्ष की देरी हो गई। अब भवन का निर्माण पूरा होने के बाद सार्वजनिक निर्माण विभाग ने भवन सितम्बर माह में समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को हैंडओवर कर दिया गया।

वहीं, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सत्र 2021-22 से आवासीय विद्यालय शुरू करने की घोषणा करते हुए विद्यालय व छात्रावास के लिए पद सृजित कर दिए, लेकिन संबंधित विभाग की देरी के चलते इस सत्र में अभी तक विद्यालय का संचालन नहीं हो सका है। अब सीएम ने लोकार्पण कर दिया। जिससे इलाके की बालिकाओं को नया आवासीय विद्यालय शुरू होने का इंतजार है।

बालिकाओं को पढऩे, रहने, खेलने सहित सभी सुविधाएं मौजूद

यहां बहुमंजिला आवासीय विद्यालय व छात्रावास भवन का निर्माण किया है। जिसमें बालिकाओं को पढाई के साथ ही छात्रावास में रहने और सभी तरह के खेलों की भी सुविधाएं मिलेगी। ्रविद्यालय परिसर में छात्राओं के खेलने के लिए विभिन्न खेलों के मैदान भी होंगे। जिससे बालिकाओं को खेल सुविधाएं मिलने से आगे बढऩे का मौका मिलेगा। इसके अलावा संपूर्ण परिसर में लॉन, पौधारोपण, आंतरिक सडक़ें, सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल मय वायर फैसिंग सहित विभिन्न निर्माण किए गए हैं।

Published on:
15 Nov 2021 09:46 pm
Also Read
View All