आठ दिन में दूसरी बार सडक़ों पर उतरे लोग, एक साल से झेल रहे जलभराव
भिवाड़ी. जलभराव से परेशान बायपास के व्यापारियों ने गुरुवार शाम को जाम लगा दिया। बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय जन करीब ढाई घंटे तक सडक़ पर एकत्रित होकर प्रशासन के खिलाफ हंगामा और नारेबाजी करते रहे। व्यापारियों ने 29 अगस्त को भी जाम लगाया था। तब प्रशासन ने समझायश कर जाम खुलवाया था। बुधवार को हुई बारिश के बाद व्यापारियों ने आठ दिन के अंदर दूसरी बार जाम लगा दिया। व्यापारियों ने बताया कि बारिश और जलभराव से उनका व्यापार ठप्प हो चुका है। दो, तीन, चार फीट तक पानी भरा हुआ है। इतने पानी में कोई ग्राहक जान जोखिम में डालकर सामान खरीदने नहीं आएगा। जुलाई 2023 के आखिरी सप्ताह में धारूहेड़ा नगर पालिका ने एनएच पर अवैध रैंप बनाकर भिवाड़ी के पानी को रोका था। 19 अगस्त 2023 को हुई बारिश के बाद बायपास पर जलभराव शुरू हो गया। एक साल की अवधि निकल चुकी है। बायपास के जलभराव का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। एक व्यापारी के लिए एक दिन का घाटा झेलना मुश्किल होता है, हमें तो पूरी साल ही संकटों से लड़ते हुए बीती है। प्रशासन और जन प्रतिनिधियों को हमारी समस्या दिखाई नहीं दे रही। व्यापारियों के जाम की वजह से बायपास पर वाहन चालकों को परेशानी हुई। वाहनों की दूर तक लाइन लग गई। जिसकी वजह से जाम लग गया।
रो रहे दुकानदार
धरने में महिलाएं भी शामिल
बायपास पर पानी अधिक आने से बगीचा सोसायटी के अंदर भी जलभराव हो गया। जिसकी वजह से सोसायटी की महिलाएं भी धरने में शामिल हुई। व्यापारी और सोसायटी निवासियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि आगे से जलभराव रोकने के लिए उचित इंतजाम होने चाहिए। अगर इसी तरह की समस्या रहेगी तो अनिश्चितकालीन धरना दियाा जाएगा।