आज भी झोपड़ी में रहता हैं भाजपा का यह विधायक, चंदा जोड़कर जनता बनवा रही पक्का मकान
भोपाल. मौजूदा दौर में चुनाव जीतने के लिए लाखों-करोड़ों रुपए खर्च हो रहे हैं। लेकिन मध्यप्रदेश में एक ऐसा नेता है जिसे जनता ने विधायक तो बना पर उसके पास रहने के लिए पक्का मकान नहीं है। अब इस विधायक को पक्का घर दिलाने के लिए जनता सामने आई है और क्षेत्र की जनता चंदा इकट्टा करके इस विधायक के लिए दो कमरों का पक्का मकान बना रही है। हम बात कर रहे हैं मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट की। यहां से जनता ने भाजपा नेता सीताराम आदिवासी को अपना विधायक चुना है। सीताराम आदिवासी ने कांग्रेस के कद्दावर नेता रामनिवास रावत को चुनाव हराकर जीत दर्ज की है। विधायक सीताराम आदिवासी 60 साल के हैं। गरीबी के चलते अपनी पत्नी के साथ आज भी कच्चे मकान में रहते हैं।
तीसरी बार में मिली जीत
सीताराम को विजयपुर सीट से पहली बार जीत मिली है। इस सीट से वह लगातार दो चुनाव हार चुके हैं। साल 2008 और 2013 में रामनिवास रावत से चुनाव हार गए थे। उनका रहन-सहन ठेठ गंवई अंदाज का है। इन दिनों वह शाम के समय अपनी झोपड़ी के बाहर खटिया पर बैठकर आग तापते नजर आते हैं। तो सुबह में शॉल ओढ़े और धूप सेंकते हुए पंचायत करते हैं।
स्थानीय लोगों ने विधायक के लिए जुटाया पैसा
सीताराम श्योपुर जिले के कराहल विकासखंड के पिपरानी गांव के रहने वाले हैं। सीताराम की कोई संतान नहीं है। कच्चे मकान में रहते हैं जिसके बाद जनता ने चंदा इकट्टा किया और खुद ही उनके लिए घर बनबाने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीताराम हमेशा उनके लिए संघर्ष करते हैं। इसीलिए सभी चाहते हैं कि विधायक उनके बीच रहे।
संपत्ति के नाम पर भी ज्यादा कुछ है नहीं
साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव के लिए सीताराम ने जो हलफनामा दिया है उसके मुताबिक उनके पास केवल 46,733 रुपये हैं। जिनमें से 25,000 नकद और 21,733 रुपये दो बैंक खातों में हैं। उनके पास 2.817 एकड़ जमीन और 600 वर्ग फुट की झोपड़ी है, जो उन्हें विरासत में मिली थी।
कमलनाथ कैबिनेट में कई मंत्री हैं करोड़पति
मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार के कई मंत्री करोड़पति हैं। खुद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 2014 में अपनी कुल संपत्ति 206.9 करोड़ रुपए घोषित की थी। इसके अलावा जयवर्धन सिंह के पास 26.27 करोड़ रुपए की संपत्ति है। आरिफ अकील के पास 2.08 करोड रुपए की संपत्ति है।