Jumma Chumma Girl Kimi Katkar: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ जुम्मा-चुम्मा गाने से रातों-रात स्टार बनीं अभिनेत्री किमी काटकर आज कहा हैं और क्या कर रही हैं, चलिए जानते हैं।
Jumma Chumma Girl Kimi Katkar:अमिताभ बच्चन के साथ ‘जुम्मा चुम्मा’ गाने में नजर आकर रातोंरात स्टार बन गई थीं किमी काटकर, लेकिन जब करियर बुलंदियों पर था तभी उन्होंने बॉलीवुड को अलविदा कह दिया। 80 और 90 के दशक में अपनी ग्लैमरस इमेज और बोल्ड अंदाज के लिए मशहूर रहीं किमी काटकर आज इंडस्ट्री की चमक-दमक से दूर एक शांत जिंदगी जी रही हैं। कभी बड़े-बड़े प्रोड्यूसर्स की पहली पसंद रहीं किमी ने शादी के बाद ऐसा फैसला लिया जिसने उनके फैंस को चौंका दिया था।
किमी काटकर का जन्म एक फिल्मी परिवार में ही हुआ था। उनकी मां मीना फर्नांडिस भी फिल्मों में काम कर चुकी थीं। किमी ने बहुत कम उम्र में मॉडलिंग शुरू कर दी थी। उनकी खूबसूरती और आत्मविश्वास ने जल्द ही फिल्ममेकर्स का ध्यान खींचा। 1985 में उन्होंने फिल्मों में कदम रखा, लेकिन असली पहचान उन्हें फिल्म ‘एडवेंचर्स ऑफ टार्जन’ से मिली। इस फिल्म में उनके बोल्ड अवतार ने उन्हें रातोंरात चर्चा में ला दिया।
‘एडवेंचर्स ऑफ टार्जन’ की सफलता के बाद किमी काटकर का नाम हर तरफ छाने लगा। उनकी गिनती उस दौर की सबसे ग्लैमरस अभिनेत्रियों में होने लगी। उन्होंने ‘दरिया दिल’, ‘सोने पे सुहागा’, ‘गैर कानूनी’, ‘खून का कर्ज’ जैसी कई फिल्मों में काम किया। कहा जाता है कि एक समय ऐसा भी था जब एक ही साल में उनकी 15 फिल्में रिलीज हुई थीं।
हालांकि किमी काटकर को सबसे ज्यादा लोकप्रियता अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म ‘हम’ के सुपरहिट गाने ‘जुम्मा चुम्मा दे दे’ से मिली। इस गाने ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई और लोग उन्हें ‘जुम्मा चुम्मा गर्ल’ के नाम से जानने लगे। आज भी यह गाना बॉलीवुड के सबसे आइकॉनिक गानों में गिना जाता है।
जब किमी काटकर का करियर अपने चरम पर था, तभी उन्होंने फोटोग्राफर और एड फिल्ममेकर शांतनु शौरी से शादी कर ली। शादी के बाद उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली और परिवार को प्राथमिकता देने का फैसला किया। उस दौर में शादीशुदा अभिनेत्रियों के लिए इंडस्ट्री में टिके रहना आसान नहीं माना जाता था। किमी ने भी निजी जिंदगी को करियर से ज्यादा अहमियत दी।
फिल्मों से दूर होने के बाद किमी अपने पति और बेटे के साथ ऑस्ट्रेलिया में रहीं। बाद में वो भारत लौट आईं और पुणे में बस गईं। अब वो गोवा में अपने परिवार के साथ शांत जिंदगी जी रही हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि उन्हें बेकिंग का काफी शौक है और उन्होंने इसके लिए एक प्रोफेशनल कोर्स भी किया है।
भले ही किमी काटकर ने सालों पहले बॉलीवुड छोड़ दिया हो, लेकिन ‘जुम्मा चुम्मा’ गाने में उनकी मौजूदगी और उनका ग्लैमरस अंदाज आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है।