गोरखपुर

गोरखपुर में 25 केंद्रों पर UPSC प्रीलिम्स परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न: 11 हजार से अधिक अभ्यर्थी हुए शामिल, चौकन्ने रहे प्रशासनिक अधिकारी

UPSC Prelims Exam 2026: गोरखपुर में 25 केंद्रों पर UPSC प्रीलिम्स परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट रहे और भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए समुचित सुविधाओं का इंतजाम किया गया था।

2 min read
May 24, 2026
UPSC Prelims Exam

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा रविवार को गोरखपुर में कड़ी सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के बीच सकुशल सम्पन्न हो गई। इस प्रतिष्ठित परीक्षा के लिए जिले में कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां 11,112 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक हुई।

ये भी पढ़ें

Kanpur News:रात में कटते थे टैंकर, सुबह पहुंच जाता था तेल… पनकी में ऐसे पकड़ा गया ऑयल चोरी का बड़ा खेल

CDO और VC (GDA) रहे संयुक्त ऑब्जर्वर

परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) शाश्वत त्रिपुरारी एवं गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल को इस परीक्षा का संयुक्त ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया था। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे।

आयोग की गाइड लाइन का सख्ती से हुआ पालन

प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई थी। अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू करते हुए अनावश्यक भीड़भाड़ पर नियंत्रण रखा गया। इस पूरी परीक्षा प्रक्रिया के नोडल अधिकारी एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार रहे। एडीएम सिटी ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर आयोग की गाइडलाइंस का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया गया।

परीक्षार्थियों एवं अभिवावकों के लिए रही समुचित व्यवस्था

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों से संवाद कर पेपर वितरण, समय पालन, सुरक्षा व्यवस्था और अभ्यर्थियों की सुविधा से जुड़े बिंदुओं की जानकारी ली। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि की कोई गुंजाइश न रहे। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, छाया एवं बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी।

शहर में ट्रैफिक व्यवस्था भी रही दुरुस्त

परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए थे, जिससे अभ्यर्थियों को समय से केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो। SP ट्रैफिक अमित कुमार श्रीवास्तव, CO ट्रैफिक मनीष मिश्र भी लगातार भ्रमण पर रहे। परीक्षा समाप्ति के बाद अभ्यर्थियों ने संतोष व्यक्त किया प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

ये भी पढ़ें

ओपी राजभर की राहुल गांधी को खुली चुनौती- ‘मुसलमानों का वोट चाहिए तो कांग्रेस अध्यक्ष बनाकर दिखाओ’
Updated on:
24 May 2026 06:39 pm
Published on:
24 May 2026 06:35 pm
Also Read
View All