यहां मौजूद हैं दुनिया के तीन तरह के टाइगर
इंदौर: देश—दुनिया में मध्यप्रदेश यूं तो टाइगर स्टेट के नाम से जाना जाता है पर टाइगर की एक खास प्रजाति ऐसी है जो यहां भी नहीं पाई जाती। यह बहुत दुर्लभ खतरनाक टाइगर माना जाता है। हालांकि अब प्रदेश के एक मशहूर चिड़ियाघर में यह दुर्लभ टाइगर आ गया है। खास बात यह है कि इसे आमलोग भी देख सकेंगे।
इंदौर का कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय देश का दूसरा चिडिय़ाघर है जहां ब्लैक टाइगर मौजूद है। इसे डेढ़ माह पहले इंदौर लाया गया है। इंदौर के अलावा दुर्लभ प्रजातियों में से एक यह टाइगर ओडिशा के जू में हैं। इस प्रकार कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय के कारण इंदौर ब्लैक टाइगर वाला देश का दूसरा शहर बन गया है।
चिडिय़ाघर प्रभारी डॉ. उत्तम यादव ने बताया, विक्की नाम के इस टाइगर की उम्र 4 साल है। इसे मेलानिस्टिक ब्लैक टाइगर कहा जाता है। इसके शरीर पर काली धारिया होती हैं। इनकी बॉडी में मेलेनिन की मात्रा अधिक होती है इसलिए दूसरे की तुलना में धारिया ज्यादा काली होती हैं। इसके आने के बाद चिडिय़ाघर में तीन तरह के टाइगर हो चुके हैं। यहां कुल 9 टाइगर हैं।
पीला और सफेद टाइगर यहां पहले से मौजूद है। अब यहां 1 ब्लैक, 1 व्हाइट और 7 येलो टाइगर है। ब्रिडिंग में भी शहर का जू आगे है। बड़ी संख्या में अन्य शहरों को टाइगर एक्सचेंज में दिए गए हैं। इंदौर से बिलासपुर को 1 जोड़ा, चंडीगढ़ में 1 जोड़ा, भोपाल में 2 जोड़ा, नंदनकानन ओडिशा में 1 नर टाइगर दिए जा चुके हैं।