जयपुर

Sachin Pilot Interview: ‘कुछ लोग सरकार को कर रहे ब्लैकमेल’, पायलट ने भजनलाल सरकार पर यूं साधा निशाना

Sachin Pilot Exclusive Interview: सचिन पायलट ने कहा कि संगठन कुछ और सरकार कुछ बोल रही है। सरकार को कुछ लोग ब्लैकमेल कर रहे हैं। सरकार की जो 11 माह में छवि बनी है, उससे लोग परेशान हैं।

3 min read
Nov 13, 2024

Rajasthan News: जयपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने कहा कि जिन उम्मीदों के साथ जनता ने सरकार बनाई, उन पर खरी नहीं उतरी। लोग ठगा सा महसूस कर रहे हैं, काम नहीं हो रहे है। लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा की साख गिरी है और कांग्रेस की लोकप्रियता बढ़ी है। राजस्थान उपचुनाव में भी कांग्रेस प्रदेश में अच्छी परफॉर्मेंस करेगी।

सचिन पायलट ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार से तो प्रदेश की जनता 11 माह में ही ऊब चुकी है। कानून व्यवस्था नियंत्रण से बाहर है। योजनाएं कागजों से बाहर नहीं आई। सत्ता का केन्द्र जयपुर के बजाय और कहीं हैं। मल्टीपल पावर सेंटर बने हुए हैं। कुछ लोग तो सरकार को ही ब्लैकमेल कर रहे हैं और नौकरशाही हावी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने चुनाव में मतदान से पहले राजस्थान पत्रिका से कई मुद्दों पर बेबाक बातचीत की।

सचिन पायलट की पत्रिका से बातचीत के प्रमुख अंश

सवालः भाजपा सरकार 11 माह के काम पर वोट मांग रहे हैं, कांग्रेस कोई काम नहीं होने को लेकर हमलावर है, मतदाता किधर जाएगा?
जवाबः यह तो जनता तय करेगी, लेकिन यह बात सही है कि जिन उम्मीदों के साथ जनता ने सरकार बनाई थी। वह पूरी नहीं हो रही। आम तौर पर लोग शुरुआत में सरकार को पसंद करते हैं, लेकिन यहां कई सत्ता के केन्द्र बन गए। संगठन कुछ और सरकार कुछ बोल रही है। सरकार को कुछ लोग ब्लैकमेल कर रहे हैं। सरकार की जो 11 माह में छवि बनी है, उससे लोग परेशान हैं। घोषणाएं कागजों तक सीमित हैं। सरकार ने ऐसा कोई काम नहीं किया, जिसे गिना जा सकें। किसानों को डीएपी उपलब्ध नहीं हो रहा। गर्मियों में भी जनता पानी-बिजली के लिए परेशान हुई।

सवालः विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस क्या लोकसभा जीत का क्रम बनाए रखेगी या हरियाणा हार का असर दिखेगा?
जवाबः उपचुनाव में हरियाणा की हार का कोई असर पड़ने वाला नहीं है। कांग्रेस अच्छे मतों से सभी सीटें जीतेगी। यह जरूर है कि हरियाणा नतीजे बड़े आश्चर्यजनक थे। हमारे कई उम्मीदवार चुनाव आयोग भी गए हैं, शिकायतें भी की है। राजस्थान ही नहीं महाराष्ट्र, झारखंड के विधानसभा चुनाव और अन्य राज्यों में उपचुनाव में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है।

सवालः उपचुनाव में 4 सीटें कांग्रेस के कब्जे वाली हैं, अब आप कांग्रेस का क्या स्कोर मानते हैं?
जवाबः भाजपा की ग्यारह महीने पहले सरकार बनी है। पहली बार इतनी जल्दी सरकार से जनता को मोहभंग हो गया है, पहली बार देखा। पूरी तरह सरकार निष्क्रिय है। जो चार सीटें पहले कांग्रेस के कब्जे वाली हैं, उन सीटों सहित सभी जगह कांग्रेस चुनाव में अच्छा परफोर्मेंस करेगी।

सवालः झुंझुनूं और चौरासी सीट पर बड़े नेता नहीं गए, अन्य पर भी सभी नहीं गए। क्या गुटबाजी वजह है?
जवाबः प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने हर सीट पर कमेटियां बनाई हैं। पूर्व मंत्री, सांसद, पार्टी उपाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता सभी जगह गए हैं। अच्छे तरीके से चुनाव का संचालन किया है। समय से पहले टीमों का गठन किया। पूरी ताकत के साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी और नेताओं ने चुनाव लड़ा है।

सवालः आपने लोकसभा चुनाव में तो क्षेत्रीय दलों से गठबंधन किया, उपचुनाव में नहीं, ऐसा क्यों?
जवाबः देखिए इंडिया गठबंधन मूलतः लोकसभा चुनाव के लिए था। वह गठबंधन आज भी है। देश में एनडीए के विरोध में इंडिया का गठबंधन हुआ था। लेकिन राज्यों में स्थानीय स्थिति को देखकर कहीं गठबंधन हो पाता है, कहीं नहीं।

सवालः लोकसभा चुनाव में आपकी अच्छी परफॉर्मेंस रही। क्या इस चुनाव दूसरे राज्यों में व्यस्थता के चलते दौरे कम किए?
जवाबः पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरा कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ के साथ महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में पार्टी ने जिम्मेदारी दे रखी है। झारखंड विधानसभा के अलावा मध्य प्रदेश, केरल व अन्य राज्यों में भी उप चुनाव। जहां पार्टी जिम्मेदारी दे रही है या उम्मीदवार बुला रहे हैं वहां जा रहा हूं। राजस्थान में भी अधिकांश जगह प्रचार में गया और व्यक्ति विशेष का कोई इश्यू नहीं है। पार्टी के सभी नेता मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। अच्छे परिणाम आएंगे। सातों सीटों पर कांग्रेस बहुमत के साथ आगे बढ़ेगी।

Also Read
View All

अगली खबर