temperature rise in Rajasthan: पिछले चौबीस घंटे में बाड़ी में सबसे ज्यादा बारिश, अब पूरे प्रदेश में रहेगा शुष्क मौसम। मौसम विभाग का पूर्वानुमान—दिन में बढ़ेगी गर्माहट, रातें रहेंगी सुहानी।
Rajasthan weather update: जयपुर। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राजस्थान में आगामी दो सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिसमें धौलपुर जिले के बाड़ी में सर्वाधिक 43 मिलीमीटर वर्षा हुई।
वहीं, तापमान की बात करें तो फलौदी में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस और पिलानी में न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने आठ अक्टूबर को ताजा अलर्ट जारी किय है। इसके अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
इससे राज्य में दिन के समय हल्की गर्माहट का अनुभव रहेगा, जबकि सुबह और रात के तापमान में फिलहाल ज्यादा बदलाव नहीं होगा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून अब विदाई की ओर है और आने वाले दिनों में आसमान साफ तथा हवाएं शुष्क बनी रहेंगी। राज्य के अधिकांश भागों में आगामी दो सप्ताह के दौरान मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है।