आगामी 23 जून अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस से शुरू होने जा रहे राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेलों के प्रति प्रदेशवासियों ने जबरदस्त उत्साह दिखाया है।
आगामी 23 जून अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस से शुरू होने जा रहे राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेलों के प्रति प्रदेशवासियों ने जबरदस्त उत्साह दिखाया है। इन खेलों में भाग लेने के लिए रिकॉर्ड तोड़ रजिस्ट्रेशन हुए हैं। अंतिम तिथि 15 जून की शाम तक 53 लाख से अधिक लोगों ने इन खेलों में हिस्सा लेने के लिए अपना पंजीयन करवाया है। विश्व में पहली बार किसी प्रतियोगिता में इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इससे पूर्व पिछले वर्ष आयोजित हुए ग्रामीण ओलंपिक खेलों में प्रदेश के करीब 30 लाख लोगों ने भागीदारी की थी।
शासन सचिव, खेल विभाग नरेश कुमार ठकराल ने बताया कि ग्रामीण ओलंपिक खेलों में भाग लेने के लिए 41 लाख 48 हजार से ज्यादा लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है, जबकि शहरी ओलंपिक खेलों के लिए 12 लाख 36 हजार से अधिक लोगों ने पंजीयन करवाया है।गुरुवार शाम तक ग्रामीण ओलंपिक खेलों में सर्वाधिक 12 लाख 48 हजार 622 रजिस्ट्रेशन कबड्डी प्रतियोगिता के लिए हुए हैं। इनमें 9 लाख 72 हजार 992 पुरुष एवं 2 लाख 75 हजार 554 महिलाएं हैं। टेनिस बॉल क्रिकेट के लिए कुल 8 लाख 1 हजार 82 रजिस्ट्रेशन हुए हैं, जिनमें 7 लाख 26 हजार 570 पुरुष एवं 74 हजार 485 महिलाएं हैं। रस्साकशी प्रतियोगिता के लिए हुए 7 लाख 67 हजार 919 रजिस्ट्रेशन में से 5097 पुरुषों एवं 7 लाख 62 हजार 667 महिलाओं के हैं। इसी प्रकार, खो-खो प्रतियोगिता के लिए कुल 5 लाख 82 हजार 674 रजिस्ट्रेशन हुए हैं, जिनमें से 3234 पुरुष एवं 5 लाख 79 हजार 439 महिलाएं हैं। वॉलीबॉल के लिए हुए 3 लाख 38 हजार 339 रजिस्ट्रेशन में से 2 लाख 70 हजार 213 पुरुषों एवं 68 हजार 106 महिलाओं के हैं। वहीं, फुटबॉल के लिए हुए 2 लाख 87 हजार 194 रजिस्ट्रेशन में से पुरुषों के 2 लाख 34 हजार 222 एवं महिलाओं के 52 हजार 957 हैं। जबकि शूटिंग बॉल के लिए हुए 1 लाख 31 हजार 341 रजिस्ट्रेशन में से पुरुषों के 1 लाख 28 हजार 976 एवं महिलाओं के 2364 हैं।